कक्षा 6 हिंदी व्याकरण अध्याय 20 क्रिया-विशेषण

कक्षा 6 हिंदी व्याकरण अध्याय 20 क्रिया-विशेषण तथा इसके अनुप्रयोग और इस पर आधारित अभ्यास विद्यार्थी शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए यहाँ से निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। छठी कक्षा के लिए हिंदी व्याकरण में पाठ 20 को समझने के लिए पाठ्यपुस्तक के साथ-साथ अभ्यास पुस्तिका भी दी गई है ताकि छात्रों को कोई परेशानी न हो।

क्रिया विशेषण

जो शब्द क्रिया की विशेषता प्रगट करें, उन्हें क्रियाविशेषण कहते हैं। जैसे-
(क) घोड़ा तेज भागता है।
(ख) यतीन अधिक बोलता है।
(ग) मोहन इधर आ रहा है।
(घ) कछुआ धीरे-धीरे चलता है।
उपर्युक्त वाक्यों में ‘तेज’, ‘अधिक’, ‘इधर’ व ‘धीरे-धीरे’ शब्द क्रिया की विशेषता बता रहे हैं। इसलिए ये शब्द क्रियाविशेषण हैं।

क्रियाविशेषण के भेद

क्रियाविशेषण के निम्नलिखित चार भेद होते हैं:
(i) रीतिवाचक क्रियाविशेषण
(ii) कालवाचक क्रियाविशेषण
(iii) स्थानवाचक क्रियाविशेषण
(iv) परिमाणवाचक क्रियाविशेषण

रीतिवाचक क्रियाविशेषण

जो शब्द क्रिया की रीति या विधि का बोध कराएँ उन्हें रीतिवाचक क्रियाविशेषण कहते हैं।
उदाहरण:
(क) राकेश धीरे-धीरे चलता है।
(ख) शेर जोर-जोर से दहाड़ रहा था।
(ग) वह तेज भागता है।
(घ) रमा जल्दी-जल्दी पढ़ती है।
इन वाक्यों में ‘धीरे-धीरे’, ‘जोर-जोर’, ‘तेज’ और ‘जल्दी-जल्दी’ शब्द क्रियाओं की रीति के बारे में बता रहे हैं, अतः ये रीतिवाचक क्रियाविशेषण हैं।

कालवाचक क्रियाविशेषण

जो शब्द क्रिया के होने के समय को सूचित करें, उन्हें कालवाचक क्रियाविशेषण कहते हैं।
उदाहरण:
(क) वह कल आया था।
(ख) तुम अब जा सकते हो।
(ग) वह अभी आ रहा है।
(घ) वर्षा लगातार हो रही है।
इन वाक्यों में ‘कल’, ‘अब’, ‘अभी’, और ‘लगातार’ शब्दों से कार्य के होने के समय का बोध होता है। इसलिए ये कालवाचक क्रियाविशेषण हैं।

स्थानवाचक क्रियाविशेषण

जो शब्द क्रिया के स्थान पर दिशा के बारे में बोध कराए, उसे स्थानवाचक क्रिया विशेषण कहते हैं। जैसे-
(क) तुम बाहर बैठो।
(ख) वह ऊपर बैठा है।
(ग) तुम वहाँ क्या खा रहे थे?
(घ) उस ओर कौन बैठा है?

परिमाणवाचक क्रियाविशेषण
जो शब्द क्रिया के परिमाण (मात्रा) को प्रकट करें, उन्हें परिमाणवाचक क्रियाविशेषण कहते हैं। जैसे-
(क) कम बोलो।
(ख) अधिक पीओ।
(ग) उसने पर्याप्त लिख लिया है।
(घ) सत्येंद्र बिल्कुल नहीं पढ़ता है।
इन वाक्यों में ‘कम’, ‘अधिक’, ‘पर्याप्त’ और ‘बिल्कुल’ शब्द क्रिया के परिमाण के बारे में बता रहे हैं, ये शब्द परिमाणवाचक क्रियाविशेषण हैं।

कक्षा 6 हिंदी व्याकरण क्रिया-विशेषण
कक्षा 6 हिंदी व्याकरण अध्याय 20 क्रिया-विशेषण के उदाहरण
कक्षा 6 हिंदी व्याकरण अध्याय 20 क्रिया-विशेषण प्रश्न उत्तर
कक्षा 6 हिंदी व्याकरण पाठ 20 अभ्यास पुस्तिका
कक्षा 6 हिंदी व्याकरण क्रिया विशेषण अभ्यास पुस्तिका
कक्षा 6 हिंदी व्याकरण क्रिया विशेषण अभ्यास प्रश्न