कक्षा 8 हिंदी व्याकरण अध्याय 13 काल

कक्षा 8 हिंदी व्याकरण अध्याय 13 काल के उदाहरण तथा उसके भेद सीबीएसई तथा राजकीय बोर्ड सत्र 2024-25 के लिए विद्यार्थी यहाँ से निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। कक्षा 8 में हिंदी ग्रामर के पाठ 13 के सभी प्रश्नों को हल करने से छात्रों को परीक्षा पैटर्न और पिछले वर्ष के प्रश्नों के प्रकार को समझने में मदद मिलेगी।

काल

क्रिया के जिस रूप से उसके होने के समय का पता चलता है, उसे काल कहते हैं।
उदाहरण:
(क) अमन कल बाज़ार गया था।
(ख) राजेश पढ़ रहा है।
(ग) रोहित कल मुंबई जाएगा।
उपर्युक्त वाक्यों में क्रिया के होने के अलग-अलग कालों (समय) का बोध हो रहा है। इससे हमें समय के तीन रूपों का ज्ञान होता है। इसलिए समय या काल को तीन भागों में बाँटा जा सकता है।

काल के भेद

काल के तीन भेद होते हैंः
1. वर्तमान काल
2. भूतकाल
3. भविष्यत काल
वर्तमान काल
क्रिया के जिस रूप से उसके वर्त्तमान में होने का पता चलता है, उसे वर्तमान काल कहते हैं।
उदाहरण:
(क) रमन गाना गा रहा है।
(ख) प्रिती स्वेटर बुन रही है।
(ग) सुरेश गेंद खेल रहा है।
उपर्युक्त वाक्यों में क्रिया पदों से कार्य के वर्तमान समय में होने का बोध होता है। इसलिए इन्हें वर्तमान काल की क्रिया कहते हैं।

भूतकाल और भविष्यत काल

भूतकाल
क्रिया के जिस रूप से कार्य के हो जाने का पता चलता है, उसे भूतकाल कहते हैं।
उदाहरण:
(क) आलोक हैदराबाद गया था।
(ख) युवक ने गीत गाया था।
(ग) अंशु जाग रही थी।
भविष्यत काल
क्रिया के जिस रूप से कार्य के भविष्य में होने का पता चले अर्थात् भविष्य का बोध हो, उसे भविष्यत काल कहते हैं।
उदाहरण:
(क) लड़के फुटबॉल खेलेंगे।
(ख) वह कल घर जाएगा।
(ग) तुम किताब पढ़ोगे।
(घ) मैं घर जाऊँगा।
वाक्यों में खेलेंगे, जाएगा, पढ़ोगे, जाऊँगा आदि क्रिया शब्द कार्य का आने वाले समय में होने का बोध कराते हैं, अतः ये समस्त वाक्य भविष्यत काल के हैं।

भविष्यत् काल के भेद

भविष्यत् काल के दो भेद होते हैंः
1. सामान्य भविष्यत् काल
2. संभाव्य भविष्यत् काल
सामान्य भविष्यत् काल
क्रिया के जिस रूप से कार्य के भविष्य में सामान्य रूप से होने का बोध हो, उसे सामान्य भविष्यत् कहते हैं।
उदाहरण:
(क) मोहन घर जाएगा।
(ख) विद्यालय बंद रहेगा।
(ग) तुम मेरे साथ चलोगे।
(घ) वे लोग कल आएँगे।
इन वाक्यों में आए शब्द जाएगा, रहेगा, चलोगे, आएँगे भविष्य में सामान्य रूप से क्रिया के होने की सूचना देते हैं। ये सामान्य भविष्यत् काल की क्रियाएँ हैं।

सम्भाव्य भविष्यत् काल

क्रिया के जिस रूप से उसके भविष्य में होने की सम्भावना का पता चले, उसे सम्भाव्य भविष्यत् काल कहते हैं।
उदाहरण:
(क) दादी शायद कल खिलौने लाए।
(ख) शायद पड़ोसी से समझौता हो जाए।
(ग) संभवतः वह विद्यालय आए।
(घ) शायद मैं कल वहाँ जाऊँ।
इन वाक्यों की क्रियाओं लाए, जाए, आए, और जाऊँ के द्वारा इनके भविष्य में होने की संभावना है। ये क्रियाएँ निश्चित रूप से होंगी, ऐसा नहीं कहा जा सकता। इसलिए ये संभाव्य भविष्यत् काल की क्रियाएँ हैं।

कक्षा 8 हिंदी व्याकरण काल
कक्षा 8 व्याकरण अध्याय 13 काल
कक्षा 8 हिंदी व्याकरण अध्याय 13