कक्षा 6 सामाजिक विज्ञान अध्याय 2 महासागर एवं महाद्वीप के एनसीईआरटी समाधान
कक्षा 6 सामाजिक विज्ञान अध्याय 2 ‘महासागर एवं महाद्वीप’ के प्रश्न-उत्तर हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए सरल भाषा में दिए गए हैं। इस अध्याय में पाँच महासागरों और सात महाद्वीपों के नाम, उनका वितरण तथा दोनों गोलार्धों में स्थल और जल का अंतर समझाया गया है। महासागरों का समुद्री जीवन और जलवायु पर प्रभाव तथा उनके संरक्षण की आवश्यकता भी इसमें बताई गई है। शब्दों की व्याख्या, मानचित्र कार्य और वर्ग पहेली के उत्तर सत्र 2026-27 के अनुसार हैं।
कक्षा 6 सामाजिक विज्ञान अध्याय 2 के त्वरित लिंक
- महत्वपूर्ण प्रश्न: पेज 27 के प्रश्न उत्तर
- आइए पता लगाएँ: पेज 29 के प्रश्न उत्तर
- आइए पता लगाएँ: पेज 32 के प्रश्न उत्तर
- आइए पता लगाएँ: पेज 36 के प्रश्न उत्तर
- प्रश्न, क्रियाकलाप और परियोजनाएँ: पेज 39 के प्रश्न उत्तर
- कक्षा 6 सामाजिक विज्ञान अंग्रेजी माध्यम एनसीईआरटी समाधान
- मोबाइल से पढ़ने के लिए कक्षा 6 सामाजिक विज्ञान ऑफलाइन ऐप डाउनलोड कीजिए।
कक्षा 6 सामाजिक विज्ञान अध्याय 2 महासागर एवं महाद्वीप के प्रश्न-उत्तर
कक्षा 6 सामाजिक विज्ञान के पेज 27 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर
पेज 27 – महत्वपूर्ण प्रश्न
1. महासागर एवं महाद्वीप क्या हैं? उनके नाम क्या हैं एवं उनका वितरण कैसा है?
उत्तर:
महासागर खारे पानी के बहुत बड़े विस्तार हैं। पाँच महासागर हैं – प्रशांत, अटलांटिक, हिंद, दक्षिणी और आर्कटिक। महाद्वीप भूमि के बहुत बड़े भाग हैं। सात महाद्वीप हैं – एशिया, अफ्रीका, उत्तरी अमेरिका, दक्षिणी अमेरिका, अंटार्कटिका, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया। पृथ्वी की सतह का लगभग तीन-चौथाई भाग जल और एक-चौथाई भाग भूमि है। उत्तरी गोलार्ध में दक्षिणी गोलार्ध से अधिक भूमि है, जबकि दक्षिणी गोलार्ध में अधिक जल है। आर्कटिक महासागर उत्तरी ध्रुव के पास है और दक्षिणी महासागर अंटार्कटिका को घेरे हुए है।

2. महासागर एवं महाद्वीप पृथ्वी पर जीवन को, जिसमें मानव जीवन भी सम्मिलित है, किस प्रकार प्रभावित करते हैं?
उत्तर:
महाद्वीपों पर हमें रहने और खेती करने के लिए ज़मीन मिलती है। यहाँ पेड़-पौधे उगते हैं और बहुत से जानवर रहते हैं। महासागरों में मछलियाँ, डॉल्फिन और कई दूसरे जीव रहते हैं। समुद्री शैवाल ऑक्सीजन बनाते हैं। महाद्वीप और महासागर हमारी जलवायु पर भी असर डालते हैं। महासागरों का पानी भाप बनकर ऊपर उठता है, बादल बनते हैं और बारिश होती है। इसलिए दिल्ली में रहते हुए भी हमें महासागरों से लाभ मिलता है। लोग समुद्र से मछलियाँ पकड़ते हैं और समुद्र के रास्ते यात्रा और व्यापार करते हैं।
कक्षा 6 सामाजिक विज्ञान के पेज 29 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर
पेज 29 – आइए पता लगाएँ
1. प्रत्येक मानचित्र में वृत्ताकार रेखाओं को क्या कहते हैं? क्या आप जानते हैं कि दोनों ध्रुवों पर मिलने वाली रेखाओं को क्या कहा जाता है? (संकेत – आपने इनके विषय में पिछले अध्याय में पढ़ा है, परंतु यहाँ इन्हें अलग प्रकार से प्रस्तुत किया गया है)।

उत्तर:
वृत्ताकार रेखाओं को अक्षांश रेखाएँ कहते हैं।
हाँ, दोनों ध्रुवों पर मिलने वाली रेखाओं को देशांतर रेखाएँ या याम्योत्तर कहते हैं। इन मानचित्रों में वे बीच में दिख रहे ध्रुव से बाहर की ओर फैलती दिखाई देती हैं।
2. किस गोलार्ध में अधिक जल है?

उत्तर:
दक्षिणी गोलार्ध में अधिक जल है। चित्र 2.2 में दाईं ओर दक्षिणी गोलार्ध दिखाया गया है। उसमें नीला भाग बाईं ओर के मानचित्र से ज़्यादा है।
3. आपके अनुसार उत्तरी एवं दक्षिणी गोलार्ध में जल एवं भूमि का अनुपात कितना होगा? समूह में चर्चा कीजिए।

उत्तर:
हमारे समूह ने दोनों मानचित्रों में जल का नीला और भूमि का पीला भाग देखकर अनुमान लगाया। उत्तरी गोलार्ध में हर 10 भागों में लगभग 6 भाग जल और 4 भाग भूमि हैं। वहाँ जल और भूमि का अनुपात लगभग 3 : 2 है। दक्षिणी गोलार्ध में लगभग 8 भाग जल और 2 भाग भूमि हैं, यानी अनुपात लगभग 4 : 1 है।
4. क्या सभी महासागर एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं या उनके बीच कोई विभाजन है?

उत्तर:
हाँ, सभी महासागर एक-दूसरे से जुड़े हैं। मानचित्र में उनकी पहचान के लिए सीमाएँ दिखाई गई हैं और उन्हें अलग-अलग नाम दिए गए हैं। पानी में ऐसी कोई दीवार नहीं है। समुद्री जल एक महासागर से दूसरे में बहता रहता है।
कक्षा 6 सामाजिक विज्ञान के पेज 32 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर
पेज 32 – आइए पता लगाएँ
1. नीचे दी गई तालिका में बताइए कि पाँच महासागर किस गोलार्ध अथवा गोलार्धों में अवस्थित हैं।

उत्तर:

कक्षा 6 सामाजिक विज्ञान के पेज 36 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर
पेज 36 – आइए पता लगाएँ
1. वर्गों की संख्या को गिनिए और सबसे बड़े एवं सबसे छोटे महाद्वीप का नाम बताइए।

उत्तर:
आरेख में एशिया के 51, अफ्रीका के 30, उत्तरी अमेरिका के 21, दक्षिणी अमेरिका के 18, अंटार्कटिका के 13, यूरोप के 11 और ऑस्ट्रेलिया के 8 वर्ग हैं। इसलिए एशिया सबसे बड़ा और ऑस्ट्रेलिया सबसे छोटा महाद्वीप है।
2. कौन-सा महाद्वीप बड़ा है — उत्तरी अमेरिका अथवा दक्षिणी अमेरिका? अफ्रीका अथवा उत्तरी अमेरिका? अंटार्कटिका अथवा आस्ट्रेलिया?

उत्तर:
1. उत्तरी अमेरिका बड़ा है। उसके 21 वर्ग हैं और दक्षिणी अमेरिका के 18।
2. अफ्रीका बड़ा है। उसके 30 वर्ग हैं और उत्तरी अमेरिका के 21।
3. अंटार्कटिका बड़ा है। उसके 13 वर्ग हैं और ऑस्ट्रेलिया के 8।
3. आरेख में यूरोप और एशिया को एक ही रंग से भरिए और उसे यूरेशिया नाम दीजिए। उसके आकार की तुलना दक्षिणी अमेरिका से कीजिए।

उत्तर:
मैंने यूरोप और एशिया को हरे रंग से भरकर उस पूरे भाग का नाम ‘यूरेशिया’ लिखा। यूरोप के 11 और एशिया के 51 वर्ग मिलकर 62 वर्ग बनते हैं। दक्षिणी अमेरिका के 18 वर्ग हैं। इसलिए आरेख में यूरेशिया का आकार दक्षिणी अमेरिका के आकार का लगभग साढ़े तीन गुना है।

4. छोटे महाद्वीप से लेकर बड़े महाद्वीप तक की सूची बनाइए।

उत्तर:
सबसे छोटे से सबसे बड़े महाद्वीप का क्रम है:
ऑस्ट्रेलिया → यूरोप → अंटार्कटिका → दक्षिणी अमेरिका → उत्तरी अमेरिका → अफ्रीका → एशिया।
कक्षा 6 सामाजिक विज्ञान के पेज 39 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर
पेज 39 – प्रश्न, क्रियाकलाप और परियोजनाएँ
1. निम्नलिखित शब्दों की व्याख्या कीजिए –
(क) महाद्वीप
(ख) महासागर
(ग) द्वीप
उत्तर:
(क) महाद्वीप पृथ्वी पर भूमि का एक बहुत बड़ा भाग है। एशिया इसका एक उदाहरण है।
(ख) महासागर पृथ्वी की सतह पर फैला खारे पानी का बहुत बड़ा जलाशय है। प्रशांत महासागर सबसे बड़ा महासागर है।
(ग) द्वीप भूमि का ऐसा भाग है जो महाद्वीप से छोटा होता है और चारों ओर से पानी से घिरा होता है। ग्रीनलैंड इसका उदाहरण है।
2. मानचित्र बनाइए — इस अध्याय में दिए मानचित्रों को देखे बिना अपने हाथ से कागज पर महाद्वीपों का मानचित्र बनाइए और इसमें रंग भरिए। इसके बाद इस अध्याय में दिए गए महासागरों और महाद्वीपों के मानचित्र के साथ इसकी तुलना कीजिए।
उत्तर:
मैंने पहले बिना नक्शा देखे कागज पर सातों महाद्वीप बनाए। हर महाद्वीप को अलग रंग दिया और पानी को नीला रखा। फिर पेज 32 के चित्र 2.3 से मिलाया। दोनों नक्शों में यूरोप एशिया के पश्चिम में है और दक्षिणी अमेरिका का निचला सिरा सँकरा है। मेरे नक्शे में महाद्वीपों के किनारे असली मानचित्र जितने घुमावदार नहीं हैं।

3. आइए, करके देखें – नीचे दिए गए विश्व के मानचित्र में सभी महाद्वीपों और महासागरों के नाम लिखिए।

उत्तर:
महाद्वीप: उत्तरी अमेरिका, दक्षिणी अमेरिका, यूरोप, अफ्रीका, एशिया, ऑस्ट्रेलिया और अंटार्कटिका।
महासागर: प्रशांत महासागर, अटलांटिक महासागर, हिंद महासागर, आर्कटिक महासागर और दक्षिणी महासागर।
मैंने प्रशांत महासागर का नाम मानचित्र के बाएँ और दाएँ, दोनों किनारों पर लिखा है।
दोनों जगह एक ही महासागर दिखता है।

4. नीचे दी गई वर्ग पहेली को हल कीजिए।
बाएँ से दाएँ
1. पृथ्वी पर सबसे बड़ी जलराशि
3. वह भूखंड जो महाद्वीप नहीं है और चारों ओर सागर या महासागर से घिरा है
5. सबसे ठंडा महाद्वीप
7. महासागरों से उत्पन्न होने वाली बहुत बड़ी विध्वंसकारी लहर
9. महासागरों द्वारा प्रचुर मात्रा में उत्पन्न
10. एक बड़ा महाद्वीप, भारत जिसका भाग है।
ऊपर से नीचे
2. बहुत बड़ा भूखंड
4. महासागरों में प्रदूषण का मुख्य स्रोत
6. सबसे छोटा महाद्वीप
8. पृथ्वी पर सबसे बड़ा द्वीप

उत्तर:
बाएँ से दाएँ
1. प्रशांत (प्रशांत महासागर)
3. द्वीप
5. अंटार्कटिका
7. सुनामी
9. ऑक्सीजन
10. यूरेशिया (यूरोप और एशिया का मिला हुआ भूखंड। भारत इसके एशियाई भाग में है।)
ऊपर से नीचे
2. महाद्वीप
4. प्लास्टिक
6. ऑस्ट्रेलिया
8. ग्रीनलैंड

अध्याय 2 की तैयारी के लिए विश्व के रेखा-मानचित्र पर महासागरों और महाद्वीपों के नाम भरने का बार-बार अभ्यास करें और महासागरों को प्रदूषण से बचाने के उपाय अपने शब्दों में लिखें। शेष अध्यायों के प्रश्न-उत्तर के लिए कक्षा 6 सामाजिक विज्ञान एनसीईआरटी समाधान पृष्ठ देखें।
