कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 8 भौगोलिक क्षेत्र कैसे पावन होते हैं? के एनसीईआरटी समाधान

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 8 ‘भौगोलिक क्षेत्र कैसे पावन होते हैं?’ के प्रश्न-उत्तर सत्र 2026-27 के लिए हिंदी माध्यम में दिए गए हैं। ‘हमारी सांस्कृतिक विरासत एवं ज्ञान परंपराएँ’ विषय-क्षेत्र का यह अध्याय बताता है कि पावनता क्या है और नदियाँ, पर्वत, वन तथा अन्य स्थान लोगों के लिए पावन कैसे बन जाते हैं। इसमें बौद्ध, जैन, सिख और हिंदू परंपराओं के पावन स्थल, ज्योतिर्लिंग, शक्तिपीठ, चार धाम और कुंभ जैसे तीर्थों का पूरे भारत में फैला जाल तथा जनजातीय और लोक-परंपराओं में भूमि के प्रति श्रद्धा का वर्णन है। तीर्थयात्रा ने देश की सांस्कृतिक एकता को कैसे मजबूत किया, यह भी इसमें समझाया गया है।

एनसीईआरटी कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 8 समाधान

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान के पेज 167 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 167 – महत्वपूर्ण प्रश्न

1. ‘पावनता’ क्या है?

उत्तर:
पावनता श्रद्धा और आदर का वह भाव है जो लोग किसी स्थान, वस्तु, जीव या यात्रा से जोड़ते हैं। यह भाव किसी धार्मिक विश्वास, आध्यात्मिक अनुभव या पवित्र स्मृति से जन्म ले सकता है। इसी कारण किसी समुदाय के लिए एक नदी, पहाड़ी या वृक्ष भी उतना ही पावन हो सकता है जितना कोई पूजा-स्थल।

2. भूमि कैसे पावन हो जाती है?

उत्तर:
जब लोग किसी स्थान को किसी संत के जीवन, देवता, विशेष घटना या अपनी परंपरा से जोड़ते हैं, तो वह भूमि उनके लिए पावन हो जाती है। जैसे, बौद्ध परंपरा में बोधगया उस वृक्ष से जुड़ा है जिसके नीचे बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था। ओडिशा का डोंगरिया खोंड समुदाय नियम डोंगर पहाड़ी को अपने देवता नियम राजा का निवास मानता है। उनकी मान्यता में पहाड़ी उनके जीवन की आवश्यकताएँ भी पूरी करती है। ऐसी कथाएँ, यात्राएँ और रीति-रिवाज पीढ़ियों तक उस स्थान से जुड़ी श्रद्धा बनाए रखते हैं।

3. पावन स्थल और तीर्थ स्थल का अंतर्संबंध किस प्रकार मानव जीवन और संस्कृति से जुड़ जाता है?

उत्तर:
जब लोग किसी पावन स्थल पर श्रद्धा के साथ यात्रा करने जाते हैं, तो वह उनके लिए तीर्थ बन जाता है। ऐसी यात्रा उन्हें अपने धर्म से जुड़ी कथाओं, आदर्शों और स्मृतियों से जोड़ती है। कई लोग समूह में यात्रा करते हैं, कठिन रास्ते तय करते हैं और एक-दूसरे की सहायता करते हैं। रास्ते में वे दूसरे क्षेत्रों की भाषाओं, भोजन और परंपराओं से परिचित होते हैं। जैसे, पंढरपुर की वारी में श्रद्धालु मिलकर विठोबा मंदिर तक जाते हैं। इस तरह एक व्यक्ति की आध्यात्मिक यात्रा एक समुदाय की सांस्कृतिक परंपरा भी बन जाती है।

4. पावन भूगोल ने भारतीय उपमहाद्वीप के सांस्कृतिक एकीकरण में किस प्रकार की भूमिका निभाई है?

उत्तर:
पावन स्थल दूर-दूर तक फैले हैं और तीर्थयात्राओं ने उन्हें आपस में जोड़ा है। चार धाम देश की चार दिशाओं में हैं। कुंभ जैसे मेलों में भी अलग-अलग क्षेत्रों से लोग एक स्थान पर मिलते हैं। यात्रियों के साथ उनकी भाषाएँ, कथाएँ, गीत और रीति-रिवाज भी एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र तक पहुँचते हैं। कई तीर्थ व्यापार मार्गों से जुड़े थे, इसलिए यात्रियों, स्थानीय लोगों और व्यापारियों के बीच भी मेल-जोल हुआ। इससे लोगों को अपनी अलग-अलग परंपराएँ निभाते हुए भी एक साझा सांस्कृतिक विरासत का अनुभव हुआ।




कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान के पेज 168 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 168 – आइए पता लगाएँ

1. क्या आप इनमें से किसी चित्र से परिचित हैं? क्या आप अपने आस-पास इसी तरह के किसी स्थान का नाम बता सकते हैं?

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 8 पेज 168 के प्रश्न 1 का चित्र

उत्तर:
हाँ। एक चित्र में जल पर दीप तैर रहे हैं और दूसरे में वृक्ष की जड़ के पास फल अर्पित किए गए हैं। मैं ऐसे दृश्यों से परिचित हूँ। मेरे शहर दिल्ली में गुरुद्वारा बंगला साहिब ऐसा ही एक पावन स्थान है। यह गुरु हरकिशन जी की स्मृति से जुड़ा है और इसके परिसर में एक सरोवर है। यहाँ लोग श्रद्धा से प्रार्थना करने आते हैं।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान के पेज 171 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 171 – आइए पता लगाएँ

1. इस उद्धरण को पढ़िए। इस विषय में आपका क्या अभिमत है? उस मार्ग को दर्शाइए, जिससे होकर उन यात्रियों ने रामेश्वरम से हरिद्वार तक की यात्रा की होगी। आपके अनुसार, इन यात्रियों ने दिल्ली रुकने के स्थान पर सीधे हरिद्वार की यात्रा क्यों की?

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 8 पेज 171 के प्रश्न 1 का चित्र

उत्तर:
मुझे यात्रियों की तैयारी और लगन अच्छी लगी। दो गाँवों के लोग लगभग तीन महीने से साथ यात्रा कर रहे थे। वे खाना बनाने के लिए आटा, घी, चीनी और मिट्टी के बर्तन भी साथ लाए थे।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 8 पेज 171 के प्रश्न 1 के उत्तर का चित्र

धर्मपाल ग्वालियर से दिल्ली जा रहे थे जब उन्हें यह समूह मिला। यात्रियों के लिए दिल्ली गाड़ी बदलने का पड़ाव थी। उनके पास वहाँ रुकने का समय नहीं था। वे हरिद्वार की तीर्थयात्रा पूरी करके अपने गाँव लौटना चाहते थे।

2. प्राचीन काल में जब लोग तमिलनाडु के मदुरई से उत्तर प्रदेश के वाराणसी की यात्रा करते थे, तो उनका संपर्क किन-किन भाषाओं से होता होगा? उन स्थानों में वे लोगों से कैसे वार्तालाप करते होंगे? वे कहाँ ठहरते होंगे? वे किस प्रकार का भोजन करते होंगे?

उत्तर:
मदुरई से चलते समय यात्रियों को उस समय की तमिल सुनाई देती होगी। रास्ते और समय के अनुसार वे प्राकृत की अलग-अलग बोलियाँ भी सुन सकते थे। कुछ विद्वान या साथी यात्री संस्कृत जानते होंगे। जहाँ भाषा समझ में नहीं आती थी, वहाँ वे संकेतों, सीखे हुए कुछ शब्दों या दो भाषाएँ जानने वाले किसी व्यापारी अथवा सहयात्री की सहायता से बात करते होंगे।
वे रात को गाँवों में स्थानीय लोगों के यहाँ या किसी तीर्थस्थल के पास ठहरते होंगे। भोजन के लिए वे साथ लाया हुआ अनाज पकाते होंगे या रास्ते में जो चावल, दाल, फल और दूसरी स्थानीय चीजें मिलती थीं, उन्हें खाते होंगे।




कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान के पेज 173 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 173 – आइए पता लगाएँ

1. चार धामों की स्थिति का पता लगाइए। आपके अनुसार जब लोगों ने भारत के उत्तर-दक्षिण तथा पूर्व-पश्चिम की यात्रा की, तब उनके लिए इन धामों का क्या कोई विशेष महत्व था?

उत्तर:
चारों धाम भारत की चार दिशाओं में स्थित हैं-

  1. उत्तर में बद्रीनाथ, उत्तराखंड।
  2. दक्षिण में रामेश्वरम, तमिलनाडु।
  3. पूर्व में जगन्नाथ पुरी, ओडिशा।
  4. पश्चिम में द्वारका, गुजरात।

हाँ, मेरे विचार से तीर्थयात्रियों के लिए इन धामों का विशेष महत्व था। वे श्रद्धा से इतनी लंबी यात्रा करते थे। रास्ते में उन्हें अलग-अलग भाषाएँ सुनने, नए भोजन चखने और दूसरे क्षेत्रों के लोगों के रीति-रिवाज समझने का अवसर मिलता था। इससे उन्हें अनुभव होता था कि दूर-दूर बसे लोग भी एक साझा तीर्थ परंपरा से जुड़े हैं।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 8 पेज 173 के प्रश्न 1 के उत्तर का चित्र

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान के पेज 174 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 174 – आइए पता लगाएँ

1. क्या आप ऊपर दिए गए मानचित्र में कुछ पारंपरिक तीर्थों की पहचान कर सकते हैं? आप पुस्तक के अंत में दिए गए राजनैतिक मानचित्र की भी सहायता ले सकते हैं।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 8 पेज 174 के प्रश्न 1 का चित्र

उत्तर:
हाँ। मैंने मानचित्र की संकेत सूची से दो समूहों के तीर्थ पहचाने।

  1. हल्के नीले त्रिकोण चार धाम दिखाते हैं। उत्तर में बद्रीनाथ, पश्चिम में द्वारका, पूर्व में जगन्नाथ पुरी और दक्षिण में रामेश्वरम हैं।
  2. नारंगी त्रिकोण कुंभ मेले के स्थान दिखाते हैं। ये हरिद्वार, प्रयागराज, उज्जैन और नासिक हैं।

इन स्थानों को देखने पर मुझे समझ आया कि पारंपरिक तीर्थ पूरे देश में फैले हैं। उनके बीच खिंची रेखाएँ अलग-अलग क्षेत्रों के तीर्थों का आपसी संबंध दिखाती हैं।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 8 पेज 174 के प्रश्न 1 के उत्तर का चित्र

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान के पेज 181 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 181 – आइए पता लगाएँ

1. पारदर्शी कागज की एक शीट लीजिए जिसका उपयोग अनुरेखण (ट्रेसिंग) के लिए किया जा सकता हो। ‘साम्राज्यों उदय’ का नामक अध्याय में दिए व्यापारिक मार्गों के मानचित्र का अनुरेखण कीजिए। इसे महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों के मानचित्र पर रखिए। आप इसके द्वारा क्या अवलोकन कर पा रहे हैं?

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 8 पेज 181 के प्रश्न 1 का चित्र

उत्तर:
मैंने व्यापारिक मार्गों का अनुरेखण तीर्थस्थलों के मानचित्र पर रखा और दोनों के अक्षांश और देशांतर मिलाए। उत्तरापथ पर मथुरा और काशी जैसे तीर्थ नगर दिखाई दिए। दक्षिणापथ कौशांबी से उज्जयिनी होकर प्रतिष्ठान तक जाता था। उज्जयिनी, जिसे आज उज्जैन कहते हैं, कुंभ का भी एक स्थल है। द्वारका भी एक पश्चिमी व्यापारिक मार्ग पर दिखाई दी। कुछ व्यापारिक मार्ग तीर्थों से गुज़रते थे या उनके पास से निकलते थे, जबकि कुछ तीर्थ उनसे दूर थे। मुझे समझ आया कि एक ही रास्ते पर कोई दर्शन के लिए तो कोई अपना सामान बेचने के लिए चलता होगा।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 8 पेज 181 के प्रश्न 1 के उत्तर का चित्र




कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान के पेज 183 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 183 – प्रश्न एवं क्रियाकलाप

1. प्रसिद्ध पर्यावरणविद डेविड सुजुकी के निम्नलिखित वाक्य पढ़ें-

“हम जिस दृष्टि से विश्व को देखते हैं, उसी के अनुसार उसके साथ व्यवहार करते हैं। अगर पर्वत एक देवता है, न कि खनिज का ढेर; अगर नदियाँ पृथ्वी की शिराएँ हैं, न कि केवल सिंचाई का स्रोत; अगर वन पावन निकुंज है न कि केवल इमारती लकड़ियों का ढेर; अगर अन्य प्रजातियाँ हमारे संबंधी हैं, न कि केवल साधनमात्र या अगर पृथ्वी हमारी माता है, न कि केवल संसाधन; तब हम इन सभी के साथ अत्यंत आदर के साथ व्यवहार करते हैं। अतः यह विश्व को एक अलग परिप्रेक्ष्य में देखने की चुनौती है”

इस पर छोटे समूह में चर्चा कीजिए। आप उक्त वाक्यों से क्या समझते हैं? इससे हमारे चारों ओर विद्यमान वायु, जल, भूमि, वृक्ष तथा पर्वत के प्रति हमारे व्यवहार पर क्या प्रभाव पड़ता है?
उत्तर:
हमारे समूह में एक साथी ने कहा कि अगर नदी को हम पृथ्वी की शिरा समझें, तो उसमें कूड़ा डालना हमें गलत लगेगा। मुझे लगा कि सुजुकी यही समझा रहे हैं। जब हम पेड़ों, पर्वतों और जीवों को अपने जीवन से जुड़ा मानते हैं, तो उनकी देखभाल भी करते हैं। हम हवा को साफ रखने के लिए कूड़ा जलाने से बचेंगे, पानी को गंदा नहीं करेंगे और ज़रूरत भर पानी लेंगे। भूमि पर कचरा फेंकने की जगह उसे सही जगह डालेंगे। हम पेड़ों की अंधाधुंध कटाई का विरोध करेंगे और पर्वतों से खनिज लेने से पहले वहाँ के वन, जीव और लोगों के बारे में सोचेंगे।

2. आपने क्षेत्र के पावन स्थलों की सूची बनाइए। पता लगाइए कि ये स्थल पावन क्यों माने जाते हैं? क्या इनसे जुड़ी कोई कहानियाँ हैं? इस विषय में 150 शब्दों में एक संक्षिप्त लेख लिखिए। (संकेत— आप अपने परिवार एवं समुदाय के वरिष्ठ लोगों से चर्चा कर सकते हैं। अपने शिक्षक से भी विचार-विमर्श कीजिए। इस प्रकार की सूचनाओं का संग्रह करने के लिए लेख एवं पुस्तक पढ़िए)।

उत्तर:
मैंने घर के बड़ों और तिवारी अकादमी के अपने शिक्षक से बात करके दिल्ली के ये तीन स्थान चुने।

  1. गुरुद्वारा बंगला साहिब
  2. हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया की दरगाह
  3. लक्ष्मीनारायण मंदिर

दिल्ली के पावन स्थल
दिल्ली के तीन पावन स्थलों की कहानियाँ मुझे अलग कारणों से अच्छी लगीं। गुरुद्वारा बंगला साहिब उस जगह पर बना है जहाँ सिखों के आठवें गुरु हरकिशन ठहरे थे। कहा जाता है कि जब दिल्ली में बीमारी फैली, तो उन्होंने बीमार लोगों की सेवा की और उन्हें पानी पिलाया। उनकी याद आज भी लोगों को दूसरों की मदद करने की प्रेरणा देती है।

हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया की दरगाह पर लोग इस सूफ़ी संत की याद में आते हैं। इसी परिसर में कवि अमीर ख़ुसरो की मज़ार भी है। श्रद्धालु वहाँ चादर चढ़ाते हैं और कव्वाली सुनते हैं।

लक्ष्मीनारायण मंदिर भगवान विष्णु और देवी लक्ष्मी को समर्पित है। इसके उद्घाटन से जुड़ी बात मुझे विशेष रूप से पसंद आई। महात्मा गांधी ने यह शर्त रखी थी कि हर जाति के लोग मंदिर में प्रवेश कर सकें। मेरे लिए इन स्थानों का महत्व सेवा, संगीत और सबके सम्मान की कहानियों में है।

3. आपके विचार में प्राकृतिक तत्व, जैसे – नदी, पर्वत और वन आदि लोगों के लिए पावन क्यों माने जाते हैं? वे हमारे जीवन में किस प्रकार योगदान देते हैं?

उत्तर:
मेरे विचार में लोग नदी, पर्वत और वन को पावन मानते हैं क्योंकि वे जीवन देते हैं और उनसे लोगों की आस्था तथा कहानियाँ जुड़ी हैं। नदियाँ पीने और खेती के लिए पानी देती हैं। कई नदियाँ पर्वतों से निकलती हैं और पर्वत अनेक जीवों का घर हैं। वनों से हमें फल और छाया मिलती है। वे मिट्टी और पानी को बचाते हैं। ओडिशा में डोंगरिया खोंड समुदाय नियम डोंगर पहाड़ी को नियम राजा का निवास मानता है। वहाँ पेड़ काटना मना है। इस तरह आस्था के कारण पर्वत और उसके वन की रक्षा भी होती है।

4. लोग तीर्थ या अन्य पावन स्थलों की यात्रा क्यों करते हैं?

उत्तर:
लोग अपनी आस्था से जुड़े स्थानों पर दर्शन, प्रार्थना या ध्यान करने और संतों तथा गुरुओं को याद करने जाते हैं। जैसे, बौद्ध श्रद्धालु बोधगया इसलिए जाते हैं कि वहाँ बुद्ध को ज्ञान मिला था। यात्रा में लोग रोज़मर्रा के कामों से हटकर अपने जीवन पर विचार भी करते हैं। महाराष्ट्र की पंढरपुर वारी में श्रद्धालु साथ-साथ पैदल चलते हैं। इससे उन्हें एक-दूसरे का साथ मिलता है और कठिन सफ़र करने का धैर्य आता है।

5. प्राचीन तीर्थयात्रा मार्गों ने उस समय किस प्रकार व्यापार को प्रोत्साहित किया? आपके अनुसार ये पावन स्थल उन क्षेत्रों के आर्थिक विकास में किस प्रकार सहायक बने?

उत्तर:
तीर्थयात्रियों को रास्ते में भोजन और ठहरने की जगह चाहिए होती थी। तीर्थ पहुँचकर वे फूल और पूजा का सामान भी खरीदते थे। व्यापारी इसी रास्ते पर अपना सामान ले जाते थे। कुछ व्यापारी स्वयं तीर्थयात्री थे और कपास, मसाले या चंदन दूसरे नगरों में बेचते थे। दूर से सामान आने और यात्रियों के खरीदने से तीर्थों के आसपास बाज़ार बढ़े। स्थानीय दुकानदारों, फूल बेचने वालों और यात्रियों के भोजन तथा ठहरने की व्यवस्था करने वालों को नियमित काम मिला। इस तरह एक पावन स्थल आसपास के लोगों की आय का साधन भी बना।




6. पावन स्थल किस प्रकार वहाँ के लोगों की संस्कृति और परंपरा को प्रभावित करते हैं?

उत्तर:
पावन स्थल से जुड़ी कहानी लोगों के त्योहार, यात्राएँ और रीति-रिवाज तय करने में मदद करती है। महाराष्ट्र में श्रद्धालु हर वर्ष वारी में पंढरपुर तक साथ चलते हैं। यह यात्रा इक्कीस दिनों तक चलती है। साथ चलने से नई पीढ़ी भी यह पुरानी परंपरा सीखती है। प्रयागराज, हरिद्वार, उज्जैन और नासिक में कुंभ के अवसर पर नदी में स्नान करने की परंपरा है। जहाँ किसी वन को पावन निकुंज माना जाता है, वहाँ पेड़ों और जीवों की रक्षा भी लोगों के रीति-रिवाजों का हिस्सा बन जाती है।

7. भारत के विविध प्रकार के पावन स्थलों में से अपनी रुचि के अनुसार किन्हीं दों का चयन कीजिए तथा उनका महत्व बताते हुए एक परियोजना बनाइए।

उत्तर:
मेरी परियोजना – बोधगया और अमृतसर

मैंने दो पावन स्थल चुने हैं। मैं जानना चाहता था कि एक वृक्ष और गुरुओं से जुड़ा एक स्थान लोगों को दूर से अपनी ओर क्यों बुलाते हैं।

  1. बोधगया, बिहार। बौद्ध परंपरा के अनुसार यहाँ गौतम बुद्ध को पीपल के नीचे ज्ञान मिला था। माना जाता है कि महाबोधि परिसर में आज का बोधि वृक्ष उसी वृक्ष की पीढ़ी का है। श्रद्धालुओं के लिए यह वृक्ष बुद्ध के ध्यान और ज्ञान की याद है। इसीलिए वे यहाँ आते हैं।
  2. अमृतसर, पंजाब। यहाँ स्वर्ण मंदिर है और उसके परिसर में अकाल तख्त है। सिख परंपरा में तख्त आध्यात्मिक अधिकार के केंद्र माने जाते हैं। गुरुओं से जुड़े इन पावन स्थलों पर जाना बहुत से सिख श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है।

दोनों स्थानों को साथ देखकर मैंने समझा कि किसी जगह का महत्व उसकी सुंदरता के साथ-साथ उन घटनाओं और शिक्षाओं से भी जुड़ा है जिन्हें लोग वहाँ याद करते हैं।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 8 पेज 184 के प्रश्न 7 के उत्तर का चित्र

8. तीर्थयात्राएँ किस प्रकार दोहरा महत्व रखती हैं?

उत्तर:
तीर्थयात्रा का एक महत्व यात्री के अपने जीवन में है। वह पैदल या किसी वाहन से एक पावन स्थल तक जाता है और रास्ते में मन से भी अपनी आस्था से जुड़ता है। चलते हुए वह धैर्य सीखता है, पावन स्थल पर प्रार्थना करता है और अपनी आस्था को गहराई से समझता है। दूसरा महत्व समाज के लिए है। अलग-अलग क्षेत्रों के लोग मिलते हैं, एक-दूसरे की बोलियाँ और रीति-रिवाज जान पाते हैं। रास्ते में उनके भोजन, ठहरने और खरीदारी से स्थानीय लोगों को काम भी मिलता है। इस तरह यात्रा व्यक्ति के आध्यात्मिक विकास के साथ समाज को जोड़ने और व्यापार बढ़ाने में भी मदद करती है।

पावन स्थलों वाले प्रश्नों को कैसे समझें

इस अध्याय के उत्तर लिखते समय सबसे पहले ‘पावनता’ का अर्थ अपने शब्दों में स्पष्ट करें और फिर बताएँ कि किसी स्थान के पावन बनने के पीछे प्राकृतिक सौंदर्य, किसी महान व्यक्ति से जुड़ाव या लोक-विश्वास जैसे कारण हो सकते हैं। विभिन्न धर्मों के पावन स्थलों की एक सारणी बनाएँ, जिसमें स्थल का नाम, वह किस राज्य में है और किस परंपरा से जुड़ा है — यह लिखा हो। भारत के रेखा-मानचित्र पर चार धाम और कुछ प्रमुख तीर्थ अंकित करने से यह समझ आता है कि तीर्थ पूरे देश में कैसे फैले हैं। तीर्थयात्रा के लाभ लिखते समय आध्यात्मिक, सामाजिक और आर्थिक तीनों पक्षों का उल्लेख करें।




यह अध्याय बताता है कि भूमि के प्रति श्रद्धा केवल धार्मिक भावना नहीं, बल्कि प्रकृति की रक्षा का संदेश भी है। अध्याय के अंत में दिया गया विचार — कि उपेक्षा के कारण हमारे कई पावन स्थल प्रदूषित हो रहे हैं और अपनी धरोहर की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है — उत्तरों में अवश्य जोड़ें। अपने आस-पास के किसी पावन स्थल या मेले के बारे में जानकारी इकट्ठा करना इस अध्याय की परियोजना के लिए अच्छा अभ्यास है। सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा अगला अध्याय भाग 2 में ‘भारत : एक सुरक्षित आश्रय-स्थल’ है। सभी अध्यायों के प्रश्न-उत्तर कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान एनसीईआरटी समाधान पृष्ठ पर क्रम से दिए गए हैं।