कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 11 वस्तु विनिमय से मुद्रा तक के एनसीईआरटी समाधान

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 11 ‘वस्तु विनिमय से मुद्रा तक’ के एनसीईआरटी समाधान सत्र 2026-27 के लिए हिंदी माध्यम में उपलब्ध हैं। ‘हमारे आस-पास का आर्थिक जीवन’ विषय-क्षेत्र का यह अध्याय बताता है कि मुद्रा के प्रचलन से पहले लोग वस्तुओं के बदले वस्तुएँ देकर लेन-देन कैसे करते थे और इस वस्तु विनिमय प्रणाली की क्या सीमाएँ थीं। इसमें कौड़ी, नमक जैसी वस्तुओं के विनिमय के माध्यम के रूप में उपयोग से लेकर सिक्कों, कागजी मुद्रा और आज के नए भुगतान साधनों तक मुद्रा की विकास-यात्रा समझाई गई है। मुद्रा प्रचलन में क्यों आई और उसने व्यापार को कैसे सरल बनाया, यह भी स्पष्ट किया गया है।

एनसीईआरटी कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 11 समाधान

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान के पेज 229 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 229 – महत्वपूर्ण प्रश्न

1. मुद्रा प्रचलन से पहले विनिमय कैसे होता था?

उत्तर:
मुद्रा के प्रचलन से पहले लोग अपनी वस्तु या सेवा के बदले किसी दूसरे से अपनी ज़रूरत की वस्तु या सेवा लेते थे। इसे वस्तु विनिमय कहते हैं। जैसे, अगर मेरे पास एक अतिरिक्त रबर है और मेरे साथी के पास एक अतिरिक्त पेंसिल है, तो हम उन्हें आपस में बदल सकते हैं। इसके लिए ज़रूरी है कि उसे मेरी रबर चाहिए और मुझे उसकी पेंसिल।

2. मुद्रा प्रचलन में क्यों आई?

उत्तर:
वस्तु विनिमय में ऐसा व्यक्ति ढूँढ़ना कठिन था जिसे मेरी चीज़ चाहिए और जिसके पास मेरी ज़रूरत की चीज़ भी हो। यह तय करना भी मुश्किल था कि एक जोड़ी जूतों के बदले कितना गेहूँ देना ठीक होगा। अनाज को दूर ले जाना और लंबे समय तक सँभालकर रखना भी कठिन था। व्यापार बढ़ा तो लोगों को लेन-देन के ऐसे साधन की ज़रूरत पड़ी जिसे सब स्वीकार करें। इसलिए मुद्रा प्रचलन में आई। अब कोई किसान अपना गेहूँ एक व्यक्ति को बेचकर मिले पैसों से किसी दूसरे से जूते खरीद सकता है।

3. समय के साथ मुद्रा विभिन्न रूपों में कैसे परिवर्तित हुई?

उत्तर:
शुरुआत में लोग सीधे वस्तुएँ बदलते थे। फिर कुछ जगहों पर कौड़ियाँ और नमक जैसी चीज़ें लेन-देन में आम तौर पर स्वीकार की जाने लगीं। आगे चलकर चाँदी, ताँबे और सोने जैसी धातुओं के सिक्के बने। सिक्कों के बाद कागज़ के नोट आए, जिनसे बड़ी रकम ले जाना आसान हुआ। आज सिक्के और नोट दोनों चलते हैं। इनके साथ डिजिटल भुगतान भी होता है। डेबिट कार्ड या मोबाइल पर यूपीआई का उपयोग करके हम बिना नकद दिए अपने बैंक खाते से पैसे भेज सकते हैं।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान के पेज 231 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 231 – आइए पता लगाएँ

1. कल्पना कीजिए कि आप एक किसान हैं और जहाँ आप रहते हैं, वहाँ लोग वस्तु विनिमय प्रणाली का प्रयोग करते हैं। आपको यहाँ अनेक प्रकार की वस्तुओं की आवश्यकता है, जैसे – एक जोड़ी नए जूते, एक स्वेटर और अपनी दादी के लिए दवाइयाँ। परंतु आपके पास देने के लिए केवल एक बैल है।

इस बैल का विनिमय करके आप कैसे विभिन्न प्रकार की आवश्यक वस्तुओं को विभिन्न लोगों एवं स्थानों से प्राप्त करेंगे? इसमें आपको किस प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है?

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 11 पेज 231 के प्रश्न 1 का चित्र
कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 11 पेज 231 के प्रश्न 1 Part 2 का चित्र

उत्तर:
मैं पहले ऐसे व्यक्ति को ढूँढ़ूँगा जिसे बैल चाहिए और जो उसके बदले मुझे गेहूँ के कई बोरे दे सके। फिर थोड़ा गेहूँ देकर एक व्यक्ति से जूते, दूसरे से स्वेटर और तीसरे से दादी के लिए दवाइयाँ लूँगा।

बैल को तीन हिस्सों में बाँटकर ये चीज़ें नहीं ली जा सकतीं और केवल जूतों के लिए पूरा बैल देना भी मेरे लिए घाटे का सौदा होगा। मुझे ऐसे लोग ढूँढ़ने पड़ेंगे जो गेहूँ लेना चाहते हों। हर एक से यह तय करना पड़ेगा कि उसकी चीज़ के बदले कितना गेहूँ देना उचित है। बोरे एक जगह से दूसरी जगह ढोना कठिन होगा। बचे हुए गेहूँ को सुरक्षित रखना भी पड़ेगा, क्योंकि वह खराब हो सकता है या उसे चूहे खा सकते हैं।




कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान के पेज 236 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 236 – आइए पता लगाएँ

1. पहले दिए गए चित्रणों में वस्तु विनिमय प्रणाली के कुछ तरीके दर्शाए गए हैं। क्या आपने अपने क्षेत्र में इस तरह के प्रयोगों का अवलोकन किया है? इस प्रक्रिया में लोगों को किस-किस प्रकार के अनुभव होते हैं?

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 11 पेज 236 के प्रश्न 1 का चित्र

उत्तर:
हाँ। तिवारी अकादमी में मैंने अपनी पढ़ी हुई कहानी की किताब आरव को दी और बदले में उसकी पहेलियों की किताब ली। दिल्ली में अपने मोहल्ले में मैंने पुराने कपड़ों के बदले बर्तन लेते भी देखा है। ऐसे लेन-देन में दोनों को बिना पैसे खर्च किए अपनी ज़रूरत की चीज़ मिल जाती है। कभी सामने वाले को हमारी चीज़ पसंद नहीं आती या दोनों की राय अलग होती है कि एक बर्तन के बदले कितने कपड़े देने चाहिए। तब समझौता करने में समय लगता है और कभी-कभी सौदा हो ही नहीं पाता।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान के पेज 237 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 237 – आइए पता लगाएँ

1. चित्र 11.10 में दी गई समय-रेखा को देखें। आपने मुद्रा में क्या-क्या बदलाव देखे?

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 11 पेज 237 के प्रश्न 1 का चित्र

उत्तर:
सबसे पहले लोग एक वस्तु के बदले दूसरी वस्तु लेते थे। फिर कौड़ियों और लोहे, चाँदी, सोने या ताँबे के सिक्कों का प्रयोग होने लगा। 1861 में सरकारी कागजी मुद्रा आई, जिससे बड़ी रकम साथ ले जाना आसान हुआ। समय-रेखा में 1980 के पास डेबिट और क्रेडिट कार्ड दिखाए गए हैं और 2016 में यू.पी.आई.। अब हम नकद देने के साथ-साथ कार्ड या मोबाइल से भी भुगतान कर सकते हैं।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान के पेज 239 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 239 – आइए पता लगाएँ

1. चित्र 11.12 में दर्शाए गए सिक्के तमिलनाडु में स्थित पुड्डूकोटाई में उत्खनन के समय मिले हैं। उनके ‘शीर्ष’ पर रोमन राजाओं की आकृति उकेरी हुई है। इस तरह की जानकारियों के द्वारा हम क्या निष्कर्ष निकाल सकते हैं?

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 11 पेज 239 के प्रश्न 1 का चित्र

उत्तर:
तमिलनाडु में विदेशी राजाओं के चित्र वाले सोने के सिक्के मिलना इस बात का संकेत है कि प्राचीन दक्षिण भारत के दूसरे देशों से व्यापारिक संबंध थे। संभव है कि समुद्री रास्ते से आने वाले व्यापारी यहाँ का सामान खरीदते थे और बदले में सोने के सिक्के देते थे। इस तरह खुदाई में मिले सिक्कों से हमें पुराने व्यापार के बारे में पता चलता है।




कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान के पेज 241 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 241 – आइए पता लगाएँ

1. आप अपने आप को पाँच-पाँच विद्यार्थियों के समूहों में संगठित करें। एक सामूहिक परियोजना आरंभ करें जिसमें परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों, दुकानदारों आदि से पुराने सिक्के एकत्रित करें। उनकी विभिन्न विशेषताओं को लिखें—वे किस धातु से बने हैं, सिक्कों पर अंकित वर्ष क्या है, सिक्कों के शीर्ष और पृष्ठ भाग पर आप क्या देखते हैं। अपने अवलोकनों से आप क्या अनुमान लगा सकते हैं? आपको कैसे पता चलेगा कि आपके अनुमान सही हैं?

उत्तर:
तिवारी अकादमी में हम पाँच बच्चों ने परिवारवालों, पड़ोसियों और एक दुकानदार से पुराने सिक्के दिखाने को कहा। हमने दो सिक्के चुने। 1943 के एक आने पर एक ओर मुकुट पहने जॉर्ज षष्ठम हैं और दूसरी ओर उसका मूल्य और वर्ष। 1950 के आधे रुपये पर एक ओर भारत का सिंहशीर्ष और दूसरी ओर गेहूँ की बालियों के बीच ½ का निशान है। बाकी निशान और धातुएँ हमने तालिका में लिखीं।

पहले सिक्के पर राजा और दूसरे पर भारत का राजचिह्न देखकर हमें लगा कि पहला ब्रिटिश शासन का है और दूसरा आज़ादी के बाद का। हमने वर्ष, लिखावट और दोनों पहलुओं का मिलान संग्रहालयों की सिक्का-सूचियों से किया। धातु की पहचान भी वहीं से जाँची।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 11 पेज 241 के प्रश्न 1 के उत्तर का चित्र
कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 11 पेज 241 के प्रश्न 1 Part 2 के उत्तर का चित्र

2. आपके विचार में क्या हुआ होगा जब सिक्कों का प्रयोग हर प्रकार के लेन-देन के लिए शुरू हुआ होगा, चाहे वह सब्जियाँ हों या जमीन खरीदना हो? ऐसी क्या समस्याएँ उत्पन्न हुई होंगी?

उत्तर:
सब्जियाँ खरीदने में कुछ सिक्के देना आसान रहा होगा। सब्जी बेचने वाले को बदले में वही सामान खोजने की ज़रूरत नहीं रही होगी जो खरीदने वाले के पास था। लेकिन ज़मीन खरीदने के लिए बहुत से सिक्के चाहिए होते। उन्हें गिनने में समय लगता, उठाकर ले जाना कठिन होता और सुरक्षित रखने के लिए जगह चाहिए होती। बड़ी रकम के लिए हल्के कागजी नोटों से इनमें से कई कठिनाइयाँ दूर हुईं।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान के पेज 242 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 242 – आइए पता लगाएँ

1. ₹50 और ₹100 के नोटों को देखिए। क्या आप नोटों के पृष्ठ भाग पर दर्शाई गई भारत की सांस्कृतिक विरासत से संबंधित आकृतियों को पहचान पा रहे हैं? इनके बारे में और अधिक जानकारी प्राप्त कीजिए।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 11 पेज 242 के प्रश्न 1 का चित्र

हाँ। ₹50 के नोट के पीछे कर्नाटक के हम्पी का पत्थर का रथ है। यह विट्ठल मंदिर के परिसर में है। इसके पहिए भी पत्थर के बने हैं। हम्पी कभी विजयनगर साम्राज्य की राजधानी थी।

₹100 के नोट के पीछे गुजरात के पाटण की ‘रानी की वाव’ है। यह ग्यारहवीं शताब्दी की बावड़ी है। इसमें सीढ़ियाँ पानी तक उतरती हैं और उनकी दीवारों पर कई मूर्तियाँ बनी हैं।

2. नोटों की सतह को छूकर महसूस कीजिए। क्या दृष्टिबाधित लोगों के लिए नोटों पर अंकित मूल्य को पहचानने हेतु कोई विशेष लक्षण हैं?

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 11 पेज 242 के प्रश्न 2 का चित्र

उत्तर:
हाँ। चित्र में दिखाए गए नए ₹100 के नोट पर एक उभरा हुआ त्रिकोण है। सामने की तरफ़ दाएँ और बाएँ किनारे पर चार-चार उभरी तिरछी रेखाएँ भी हैं। इन्हें उँगलियों से महसूस करके नोट की पहचान की जा सकती है। इस श्रृंखला के ₹50 के नोट पर ये उभरे निशान नहीं हैं। दोनों की चौड़ाई बराबर है, लेकिन ₹50 का नोट ₹100 के नोट से 7 मिलीमीटर छोटा है।




कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान के पेज 244 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 244 – प्रश्न और क्रियाकलाप

1. वस्तु विनिमय प्रणाली कैसे कार्य करती थी और इस प्रणाली में किस प्रकार की वस्तुओं का प्रयोग विनिमय हेतु किया जाता था?

उत्तर:
वस्तु विनिमय में दो लोग बिना पैसे के एक-दूसरे की ज़रूरत की वस्तुएँ या सेवाएँ बदलते थे। जैसे, कोई किसान गेहूँ देकर मोची से जूते ले सकता था, यदि मोची को गेहूँ चाहिए होता और दोनों मात्रा पर सहमत होते। अनाज, फल, सब्जियाँ, पशु, कपड़े और बर्तन जैसी वस्तुओं का विनिमय किया जाता था।

2. वस्तु विनिमय प्रणाली की क्या सीमाएँ थीं?

उत्तर:

  1. दोनों की ज़रूरतें एक साथ मिलनी चाहिए थीं। किसान को जूते चाहिए थे, लेकिन यदि मोची को गेहूँ नहीं चाहिए, तो सौदा नहीं होता।
  2. मूल्य का कोई सामान्य माप नहीं था। एक जोड़ी जूतों के बदले कितना गेहूँ दिया जाए, इस पर सहमति कठिन थी।
  3. कुछ वस्तुएँ बाँटी नहीं जा सकती थीं। किसान स्वेटर के बदले अपने बैल का एक हिस्सा नहीं दे सकता था।
  4. भारी वस्तुओं को साथ लेकर चलना मुश्किल था। अनाज जैसे सामान को लंबे समय तक बचाना भी कठिन था, क्योंकि वह सड़ सकता था या उसे चूहे खा सकते थे।

3. प्राचीन भारतीय सिक्कों की मुख्य विशेषताएँ क्या थीं?

उत्तर:
प्राचीन भारतीय सिक्के सोने, चाँदी, ताँबे या इनकी मिश्रधातुओं से ढाले जाते थे। उन्हें कार्षापण या पण कहा जाता था। शासक सिक्के जारी करते थे। उनके दोनों पहलुओं पर अलग-अलग चिह्न, आकृतियाँ या लेख होते थे। इनमें पशु, वृक्ष, पहाड़, राजा-रानी और देवी-देवता दिखते थे। जैसे, चालुक्य सिक्के पर एक ओर वराह और दूसरी ओर राजसी छत्र था। चोलों के चाँदी के सिक्के पर उनका बाघ का चिह्न दिखाई देता है।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 11 पेज 244 के प्रश्न 3 के उत्तर का चित्र

4. समय के साथ मुद्रा विनिमय के माध्यम के रूप में कैसे परिवर्तित हुई?

उत्तर:
पहले लोग ज़रूरत की चीज़ों को सीधे बदलते थे। बाद में कौड़ियों और कवच जैसी वस्तुओं को लोग भुगतान में स्वीकार करने लगे। फिर शासकों ने धातु के सिक्के जारी किए। बड़ी रकम के भारी सिक्कों को ले जाने के बजाय कागजी नोट देना अधिक सुविधाजनक हुआ। अब कार्ड, बैंक और यू.पी.आई. से भी भुगतान होता है। जैसे, फल खरीदते समय क्यू.आर. कोड स्कैन करके खरीदार के खाते से विक्रेता के खाते में रकम भेजी जा सकती है। सिक्के, नोट और डिजिटल भुगतान आज भी साथ-साथ काम आते हैं।




5. प्राचीन काल में कौन-से कदम उठाए गए होंगे जिससे भारतीय सिक्के विभिन्न देशों में विनिमय का माध्यम बन सकें?

उत्तर:
मेरे विचार में शासकों ने सिक्कों की ढलाई पर नियंत्रण रखा होगा, ताकि एक ही प्रकार के सिक्कों के वज़न और धातु पर भरोसा हो। पहचाने जाने वाले राजचिह्नों से व्यापारियों को मालूम होता होगा कि सिक्का किस शासक ने जारी किया है। व्यापारी समुद्री व्यापार के दौरान इन्हें दूसरे क्षेत्रों में ले जाते होंगे। जब वहाँ के विक्रेताओं और व्यापारियों को भरोसा हुआ होगा कि वे आगे भी इन्हें भुगतान में दे सकेंगे, तब वे भारतीय सिक्के स्वीकार करने लगे होंगे।

6. अर्थशास्त्र की निम्नलिखित पंक्तियाँ पढ़ें-

‘60 पणों का एक वर्ष का वेतन प्रतिदिन एक अधक अनाज से प्रतिस्थापित हो सकता था, जो चार बार के भोजन के लिए पर्याप्त था…’ (एक अधक लगभग 3 किलोग्राम के बराबर होता है)। यह एक पण के मूल्य के विषय में क्या बताता है? पड़ोसी की सहायता न करने की दंड 100 पण था। इसकी तुलना वार्षिक वेतन से करें। इससे आप मानवीय मूल्यों के बारे में क्या निष्कर्ष निकाल सकते हैं, जो इसके माध्यम से प्रोत्साहित किए जा रहे थे?
उत्तर:
60 पण के सालाना वेतन के बदले रोज़ लगभग 3 किलो अनाज मिलता था, जो चार बार के भोजन के लिए काफ़ी था। इस हिसाब से एक पण से करीब छह दिन का अनाज, यानी लगभग 18 किलो, मिल सकता था।
100 पण का दंड 60 पण के सालाना वेतन से 40 पण अधिक था। यह लगभग एक साल आठ महीने की कमाई के बराबर था। इससे मुझे लगता है कि ज़रूरत के समय पड़ोसी की मदद करना बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी मानी जाती थी। इतने बड़े दंड से आपसी सहयोग और दूसरों की परवाह करने पर ज़ोर दिया जाता था।

7. एक नाटक लिखिए और उसका मंचन कीजिए जिसमें यह दिखाया जाए कि लोग एक-दूसरे को कौड़ी, कवच (और ऐसी अन्य वस्तुओं) को विनिमय के माध्यम के रूप में प्रयोग करने के लिए कैसे तैयार कर सके होंगे?

उत्तर:
हमारी नाटिका — हाट की कौड़ियाँ
पात्र — किसान, कुम्हार, बुनकर और दुकानदार। मंच पर अनाज की थैली, मिट्टी का घड़ा, एक कपड़ा और कुछ कौड़ियाँ रखी हैं।

किसान — “मुझे घड़ा चाहिए। बदले में गेहूँ ले लो।”
कुम्हार — “मेरे घर में गेहूँ है। मुझे कपड़ा चाहिए।”
बुनकर — “और मुझे गेहूँ चाहिए। पर अभी तुम्हारा घड़ा नहीं चाहिए!”
दुकानदार — “देखो, हम सभी को कुछ चाहिए। क्या हम छोटी, टिकाऊ कौड़ियाँ और सीप के कवच भुगतान में स्वीकार करें? इन्हें गिन सकेंगे और बाद में खर्च कर सकेंगे।”
कुम्हार — “पर बाकी लोग इन्हें नहीं लेंगे तो मैं कपड़ा कैसे खरीदूँगा?”
बुनकर — “मैं कौड़ियाँ लूँगा। चलो, आज मेरे इस कपड़े और तुम्हारे इस घड़े की कीमत चार-चार कौड़ियाँ तय करें। अगर कोई बड़ा सीप का कवच दे, तो हम उसे चार कौड़ियों के बराबर मानेंगे।”
बुनकर किसान को चार कौड़ियाँ देकर गेहूँ लेता है। किसान उन्हीं कौड़ियों से घड़ा खरीदता है और कुम्हार उनसे कपड़ा ले लेता है।
किसान — “मेरा गेहूँ किसी एक ही आदमी को देना ज़रूरी नहीं रहा। यह इसलिए हुआ क्योंकि हम सबने कौड़ियाँ लेना स्वीकार किया।”

8. भारत में भारतीय रिजर्व बैंक (आर.बी.आई.) ही कागजी मुद्रा को छापने व वितरण करने का एकमात्र वैधानिक स्रोत है। नोटों की अवैध छपाई और उनके दुरुपयोग को रोकने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने कई सुरक्षा कदम उठाए हैं। पता लगाइए कि ऐसे कुछ उपाय कौन-से हैं और अपनी कक्षा में उनकी चर्चा कीजिए।

उत्तर:
हमने कक्षा में ₹100 के नोट को देखकर सुरक्षा के ये उपाय समझे।

  1. नोट को रोशनी के सामने रखने पर गांधीजी का जलचिह्न और ‘100’ दिखाई देते हैं।
  2. नोट में एक सुरक्षा धागा होता है। नोट को झुकाने पर धागे का रंग हरे से नीला दिखाई देता है। बहुत छोटे अक्षर और हर नोट का अपना क्रमांक भी पहचान में मदद करते हैं।
  3. बैंक मशीनों से भी नोटों की जाँच करते हैं। नकली पाए गए नोट को वे अलग रखकर उसकी सूचना देते हैं, ताकि वह फिर बाज़ार में न चले।

साथ ही हमने जाना कि बैंकनोट अधिकृत छापेखानों में छपते हैं। ₹1 का नोट भारत सरकार जारी करती है और बाकी बैंकनोट भारतीय रिज़र्व बैंक जारी करता है।

9. अपने परिवार के कुछ सदस्यों और स्थानीय दुकानदारों का साक्षात्कार लीजिए और उनसे पूछिए कि वे भुगतान करने या प्राप्त करने में नकद या यू.पी.आई. में किसको वरीयता देंगे और क्यों?

उत्तर:
मैंने अपने परिवार के दो लोगों और दिल्ली में हमारे मोहल्ले के दो दुकानदारों से पूछा। दादी को नकद पसंद है, क्योंकि वे गिनकर देख सकती हैं कि खर्च के बाद कितने पैसे बचे। माँ और स्टेशनरी की दुकानदार यू.पी.आई. पसंद करती हैं। सब्जी विक्रेता दोनों तरीके अपनाते हैं। उनकी बातें मैंने तालिका में लिखी हैं।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 1 अध्याय 11 पेज 245 के प्रश्न 9 के उत्तर का चित्र

मुद्रा के विकास को क्रम से समझें

इस अध्याय को याद रखने के लिए मुद्रा के विकास का एक प्रवाह चित्र बनाएँ — वस्तु विनिमय, कौड़ी और अन्य वस्तुएँ, धातु के सिक्के, कागजी मुद्रा और आज के भुगतान के नए तरीके। वस्तु विनिमय की सीमाओं वाले प्रश्नों में ऐसे उदाहरण दें जिनमें दोनों व्यक्तियों को एक-दूसरे की वस्तु की आवश्यकता न हो, या किसी बड़ी वस्तु को छोटे भागों में बाँटना संभव न हो। मुद्रा के लाभ लिखते समय यह बताएँ कि मुद्रा से मूल्य मापना, बचत करना और दूर-दूर तक व्यापार करना सरल हो गया। अपने घर में होने वाले लेन-देन के उदाहरण जोड़ने से उत्तर अधिक स्पष्ट और रोचक बनते हैं।




मुद्रा की यह कहानी अगले अध्याय ‘बाजारों की समझ’ से सीधे जुड़ी है, क्योंकि बाजार में वस्तुओं और सेवाओं का आदान-प्रदान मुद्रा के माध्यम से ही होता है। भाग 2 के अध्याय ‘बैंक एवं वित्तीय सेवाएँ’ में आप जानेंगे कि मुद्रा की बचत, ऋण और भुगतान की व्यवस्था बड़े स्तर पर कैसे चलती है। अपने बड़ों से पूछें कि उनके बचपन में खरीदारी कैसे होती थी और आज उसमें क्या बदलाव आया है — यह छोटी-सी बातचीत इस अध्याय के प्रश्नों और परियोजनाओं के लिए बहुत उपयोगी रहेगी। सभी अध्यायों के समाधान कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान एनसीईआरटी समाधान पृष्ठ पर क्रमवार उपलब्ध हैं।