कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 7 अवसंरचना: भारत के विकास की नींव के एनसीईआरटी समाधान

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 7 ‘अवसंरचना : भारत के विकास की नींव’ के प्रश्न-उत्तर सत्र 2026-27 के लिए हिंदी माध्यम में उपलब्ध हैं। ‘हमारे आस-पास का आर्थिक जीवन’ विषय-क्षेत्र का यह अध्याय बताता है कि भौतिक अवसंरचना क्या है और समय के साथ भारत में यह कैसे बदली है। इसमें सड़क और राजमार्ग, रेलमार्ग, वायु परिवहन, नौवहन और पत्तन, ऊर्जा तथा संचार अवसंरचना के विस्तार का वर्णन है। विद्यालय, चिकित्सालय और पुस्तकालय जैसी सामाजिक अवसंरचना की चर्चा भी है। यह भी समझाया गया है कि अच्छी अवसंरचना संपर्क बढ़ाती है, रोजगार के अवसर सृजित करती है और जीवन सुगम बनाती है, इसलिए इसकी देखभाल नागरिकों का कर्तव्य है।

एनसीईआरटी कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 7 समाधान

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 के पेज 169 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 169 – महत्वपूर्ण प्रश्न

1. भौतिक अवसंरचना क्या है और भारत में समय के साथ यह किस प्रकार परिवर्तित हुई है?

उत्तर:
सड़कें, पुल, रेल की पटरियाँ, पानी की पाइपलाइनें, बिजली के तार और मोबाइल टावर जैसी बनी हुई सुविधाएँ मिलकर भौतिक अवसंरचना कहलाती हैं। इनसे हमारे गाँव और शहर चलते हैं। पहले लोग पगडंडियों, सड़कों और पुलों से सफ़र करते थे। भारत में 1853 में रेल सेवा शुरू हुई। आज दूर के शहरों को रेलमार्ग, सुरंगें और राजमार्ग जोड़ते हैं। वंदे भारत जैसी तेज़ रेलगाड़ियाँ भी चलती हैं। संचार में भी बदलाव आया है। पहले दूर संदेश भेजने के लिए तार का सहारा था, जबकि आज मोबाइल से पल भर में बात हो जाती है।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 7 पेज 169 के प्रश्न 1 के उत्तर का चित्र

2. अवसंरचना के विस्तार ने किस प्रकार व्यक्तियों तथा समुदायों के जीवन को प्रभावित किया है?

उत्तर:
मैं दिल्ली में मेट्रो से कम समय में दूर तक जा सकता हूँ। सड़कें और पुल बनने से गाँवों में भी रोज़मर्रा की ज़िंदगी बदली है। असम में ढोला सदिया सेतु बनने से पहले लोग नदी पार करने के लिए नाव पर निर्भर थे। अब यात्रा में लगभग चार घंटे कम लगते हैं। किसान फल-सब्ज़ियाँ खराब होने से पहले बाज़ार पहुँचा सकते हैं और बाढ़ के समय मरीज़ों को भी अस्पताल जल्दी पहुँचाया जा सकता है। इंटरनेट पहुँचने से दूर के गाँवों के बच्चे भी घर बैठे पढ़ाई कर सकते हैं।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 7 पेज 169 के प्रश्न 2 के उत्तर का चित्र

3. देश के विकास और आर्थिक समृद्धि में अवसंरचना की क्या भूमिका है?

उत्तर:
देश के अलग-अलग हिस्से सड़क, रेल और बंदरगाहों से जुड़ते हैं तो माल एक जगह से दूसरी जगह आसानी से पहुँचता है। जैसे, किसान सिंचाई के लिए बिजली का पंप चलाता है, इंटरनेट पर मंडी के भाव पता करता है और सड़क से अपनी फसल बेचने ले जाता है। इससे व्यापार बढ़ता है। रेल चलाने, माल ढोने और स्टेशनों पर दुकानें चलाने जैसे कामों से लोगों को रोज़गार भी मिलता है। इस तरह सुविधाएँ बढ़ने का लाभ कई परिवारों और पूरे देश को होता है।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 के पेज 180 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 180 – आइए पता लगाएँ

1. क्या आपने या आपके परिवार के किसी सदस्य ने कभी रेलगाड़ी अथवा मेट्रो से यात्रा की है? स्टेशनों के आस-पास आपने किस प्रकार की आर्थिक गतिविधियाँ देखीं? अपने सहपाठियों के साथ अपने अनुभवों को साझा कीजिए।

उत्तर:
हाँ, मैंने माँ के साथ दिल्ली मेट्रो में और पिताजी के साथ रेलगाड़ी में यात्रा की है। रेलवे स्टेशन पर हमने एक दुकान से पानी और नाश्ता खरीदा। प्लेटफ़ॉर्म पर फेरीवाले भी अपना सामान बेच रहे थे। स्टेशन के बाहर कुछ यात्री अपने घर जाने के लिए टैक्सी ले रहे थे। मैंने अपने सहपाठियों को बताया कि यात्रियों के आने-जाने से दुकानदारों और फेरीवालों की बिक्री होती है और टैक्सी चलाने वालों को सवारियाँ मिलती हैं।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 7 पेज 180 के प्रश्न 1 के उत्तर का चित्र




कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 के पेज 190 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 190 – आइए पता लगाएँ

1. ‘सामुदायिक उत्तरदायित्व संकल्प’ विषय पर एक पोस्टर तैयार कीजिए। विचार कीजिए कि प्रत्येक व्यक्ति में सार्वजनिक अवसंरचना के प्रति उत्तरदायित्व की भावना कैसे विकसित की जा सकती है।

उत्तर:
मेरे पोस्टर का संदेश है—‘जो हम सबके काम आए, उसे हम सब सँभालें।’ मैंने तीन वादे लिखे हैं। हम कूड़ा डिब्बे में डालेंगे, बस स्टॉप की बेंच और दीवारों को साफ़ रखेंगे और टूटी स्ट्रीट लाइट की सूचना देंगे। मैं चाहता हूँ कि तिवारी अकादमी में हर विद्यार्थी इनमें से एक काम चुने और अगले हफ़्ते कक्षा में बताए कि उसने क्या किया। जब हम देखेंगे कि गली साफ़ हो गई या बत्ती फिर जल उठी, तो हमें अपनी ज़िम्मेदारी बेहतर समझ आएगी।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 7 पेज 190 के प्रश्न 1 के उत्तर का चित्र

2. क्या आप ऐसे उपाय सोच सकते हैं जिनसे आपके आस-पास की अवसंरचना अधिक संधारणीय बन सके? उदाहरण के लिए, अपने विद्यालय को अधिक पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए आप कौन-कौन से परिवर्तन करना चाहेंगे?

उत्तर:
हाँ। मैं चाहूँगा कि हमारे मोहल्ले में कूड़ा नियमित रूप से उठे और नालियाँ साफ़ रहें, ताकि बारिश का पानी सड़क पर न भरे। तिवारी अकादमी की छत पर सौर पैनल लगें तो धूप से बिजली मिलेगी। बारिश का पानी जमा करके हम उसे बगीचे के पौधों में दे सकते हैं। अपनी कक्षा से निकलते समय हम पंखे और बत्तियाँ बंद करेंगे। इस तरह हम स्कूल की सुविधाओं का इस्तेमाल करते हुए पानी और बिजली भी बचाएँगे।

3. अपने आस-पास देखी गई पाँच समस्याओं और उनके संभावित समाधानों की एक सूची बनाइए और कक्षा में उस पर चर्चा कीजिए।

उत्तर:
हमने कक्षा में अपने मोहल्ले की पाँच समस्याओं पर चर्चा की।

  1. गली के मोड़ पर कूड़े का ढेर है। वहाँ डिब्बे रखे जाएँ, कूड़ा रोज़ उठे और हम भी कूड़ा डिब्बे में डालें।
  2. सड़क में एक गड्ढा है। उसकी जगह बताकर नगर निगम से मरम्मत करवाएँ।
  3. एक गली की बत्ती बंद है। खंभे की जगह बताकर बत्ती ठीक करवाएँ।
  4. नाली में कचरा अटकने से बरसात में पानी भर जाता है। उसमें कूड़ा न डालें और बरसात से पहले सफ़ाई करवाएँ।
  5. स्कूल के पास फुटपाथ टूटा है। उसकी मरम्मत कराएँ और पैदल चलने का रास्ता खाली रखें।
कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 7 पेज 190 के प्रश्न 3 के उत्तर का चित्र




कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 के पेज 190 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर

पेज 190 – प्रश्न और क्रियाकलाप

1. पिछले एक दशक में आपके क्षेत्र में कौन-सी भौतिक अवसंरचना विकसित की गई? आपके या आपके परिवार के सदस्यों को इससे किस प्रकार लाभ हुआ है? यदि आपको समुदाय के लिए कुछ निर्माण करने का अवसर प्राप्त हो, तो आप क्या बनाना चाहेंगे?

उत्तर:
दिल्ली में पिंक लाइन का त्रिलोकपुरी–संजय लेक से शिव विहार वाला हिस्सा 31 अक्तूबर 2018 को खुला। अब मैं माँ के साथ शिव विहार में रिश्तेदारों से मिलने मेट्रो से जा सकता हूँ। दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे के पहले हिस्से का उद्घाटन 27 मई 2018 को हुआ। यह निज़ामुद्दीन पुल से दिल्ली–उत्तर प्रदेश सीमा तक जाता है। इस रास्ते से हमारे परिवार का गाज़ियाबाद जाना आसान हुआ है। मुझे मौका मिले तो मैं अपने मोहल्ले में स्कूल से बस स्टॉप तक समतल फुटपाथ बनवाऊँगा, ताकि बच्चे, बुज़ुर्ग और व्हीलचेयर इस्तेमाल करने वाले लोग सुरक्षित आ-जा सकें।

2. पत्तनों, राजमार्गों और विमानपत्तनों जैसी भौतिक अवसंरचनाएँ किस प्रकार देश के विभिन्न भागों में रोजगार के अवसर सृजित करती हैं? क्या आप इनके द्वारा व्यक्तियों को हुए अप्रत्यक्ष लाभों के विषय में विचार कर सकते हैं?

उत्तर:
बंदरगाह, राजमार्ग और हवाई अड्डे बनाने में मज़दूरों और इंजीनियरों को काम मिलता है। बाद में बंदरगाह पर जहाज़ों का माल चढ़ाने-उतारने वाले लोग, राजमार्गों पर चालक और मरम्मत करने वाले कर्मचारी तथा हवाई अड्डों पर यात्रियों और सामान की देखभाल करने वाले लोग काम करते हैं। हाँ, इनके अप्रत्यक्ष लाभ भी हैं। जैसे, अच्छी सड़क से किसान की सब्ज़ियाँ खराब होने से पहले बाज़ार पहुँच जाती हैं। यात्रियों का आना बढ़े तो रास्ते की दुकानों और ढाबों की कमाई भी बढ़ सकती है।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 7 पेज 190 के प्रश्न 2 के उत्तर का चित्र

3. सड़कों या विमानपत्तनों जैसी नई अवसंरचनाओं का निर्माण करते समय पर्यावरण के विषय में विचार करना क्यों आवश्यक है? क्या अवसंरचनाओं का विकास और पर्यावरण-संरक्षण दोनों साथ-साथ हो सकते हैं? यदि हाँ, तो कैसे?

उत्तर:
सड़क या हवाई अड्डा बनाते समय पेड़ कट सकते हैं और जानवरों के आने-जाने के रास्ते रुक सकते हैं। अगर पहले ही इन बातों का ध्यान रखा जाए, तो विकास और पर्यावरण की रक्षा साथ-साथ हो सकते हैं। सड़क का रास्ता इस तरह चुना जा सकता है कि कम पेड़ काटने पड़ें और वन्यजीवों के लिए सुरक्षित रास्ते बचे रहें। हवाई अड्डे की बिजली के लिए धूप का उपयोग भी किया जा सकता है, जैसे कोचीन के हवाई अड्डे पर सौर ऊर्जा का इस्तेमाल होता है।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 7 पेज 191 के प्रश्न 3 के उत्तर का चित्र

4. सड़कों, विमानपत्तनों और संचार प्रणालियों जैसी उत्तम अवसंरचनाओं से बाढ़ या भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के समय किस प्रकार सहायता प्राप्त हो सकती है?

उत्तर:
बाढ़ या भूकंप के समय जो सड़कें सुरक्षित हों, उनसे एंबुलेंस और राहत की गाड़ियाँ प्रभावित लोगों तक पहुँच सकती हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भी ले जाया जा सकता है। अगर सड़क टूट जाए, तो भी विमान पास के किसी सुरक्षित हवाई अड्डे पर भोजन, दवाइयाँ और बचाव दल पहुँचा सकते हैं। इससे दूर से मदद आने में कम समय लगता है। बाढ़ की चेतावनी मोबाइल पर मिलने से परिवार समय रहते जगह खाली कर सकते हैं। फ़ोन से बचाव दल को यह भी बताया जा सकता है कि लोग कहाँ फँसे हैं।




5. क्या आपने कभी सार्वजनिक स्थानों के दुरुपयोग देखे हैं, जैसे–दीवारों पर लिखना, स्ट्रीट लाइट तोड़ना या बेंचों को क्षतिग्रस्त करना? इसके क्या दुष्परिणाम होते हैं? अपने अवलोकन को लिखिए और इन्हें रोकने के लिए उपयुक्त समाधान सुझाइए।

उत्तर:
हाँ। मैंने बस स्टॉप की दीवार पर नाम लिखे हुए और पार्क में एक टूटी बेंच देखी है। दीवार गंदी लगती है और टूटी बेंच पर किसी को चोट भी लग सकती है। गली की बत्ती तोड़ने से अँधेरे में चलना मुश्किल होता है। इन सबकी मरम्मत में जनता का पैसा खर्च होता है। मैं खुद ऐसी चीज़ों को नुकसान नहीं पहुँचाऊँगा, दोस्तों को भी समझाऊँगा और किसी बड़े की मदद से खराबी की सूचना नगर निगम को दूँगा।

6. निम्नलिखित परिस्थितियों के लिए ‘परिदृश्य पोस्टर’ तैयार कीजिए-

→ किसी क्षेत्र में एक नया कारखाना स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। उसके सुचारु संचालन के लिए किस प्रकार की अवसंरचना की आवश्यकता होगी?
→ एक ऐसी भविष्य की नगरी की कल्पना कीजिए जिसमें स्वयं साफ होने वाली सड़कें, भूमिगत राजमार्ग तथा उच्च-गति की बुलेट ट्रेनें हों। ऐसी भविष्यगत अवसंरचना कैसी होगी, जो आपके नगर, कस्बे और गाँव में व्यक्तियों तथा समाज के दैनिक जीवन को अधिक सरल और सुविधाजनक बना सके?
→ अपने क्षेत्र के भूभागों, जैसे— तटीय क्षेत्रों, पर्वतीय क्षेत्रों और मैदानी क्षेत्रों तथा संभावित प्राकृतिक आपदाओं को ध्यान में रखते हुए अपने आस-पास की अवसंरचनाओं में सुधार के विषय में विचार कीजिए।
→ यदि आपको एक नया रेलवे स्टेशन या मेट्रो स्टेशन डिजाइन करने का अवसर प्राप्त हो, तो वह कैसा होगा? यात्रियों के लिए उसे अधिक आनंददायक और सुखद बनाने हेतु आप उसमें कौन-कौन सी विशेषताएँ जोड़ेंगे?
उत्तर:
मैंने चार पोस्टर बनाए हैं।
1. कारखाने को क्या चाहिए? — कच्चा माल लाने और तैयार माल भेजने के लिए सड़क और रेल चाहिए। कारखाने में बिजली, पानी और इंटरनेट मिलें। गंदा पानी साफ़ करने की व्यवस्था भी हो।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 7 पेज 191 के प्रश्न 6 के उत्तर का चित्र

2. भविष्य की दिल्ली — बारिश का पानी जमा करके सड़कें अपने आप साफ़ हों। भूमिगत राजमार्ग से ऊपर की सड़कों पर भीड़ घटे। बुलेट ट्रेन से दूर के शहर जल्दी पहुँचें और पास के गाँवों की बसें लोगों को उसके स्टेशन तक लाएँ।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 7 पेज 191 के प्रश्न 6 Part 2 के उत्तर का चित्र

3. जगह के अनुसार तैयारी — दिल्ली मैदानी इलाके में है। बारिश से पहले नालियाँ साफ़ हों और बाढ़ के समय सुरक्षित जगह जाने के लिए ऊँचा रास्ता हो। हमारा स्कूल भूकंप के झटके सह सके। पहाड़ों में मज़बूत पुलों और तटीय बस्तियों में ऊँचे आश्रय और समय पर चेतावनी देने की सुविधा भी ज़रूरी होगी।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 7 पेज 191 के प्रश्न 6 Part 3 के उत्तर का चित्र

4. मेरा मेट्रो स्टेशन — स्टेशन पर रैंप, लिफ़्ट, दिशा बताने वाले निशान और गाड़ी के समय का बोर्ड हो। घोषणाएँ साफ़ सुनाई दें और फ़र्श की उभरी हुई पट्टियाँ कम दिखाई देने वाले यात्रियों को रास्ता बताएँ। यात्रियों के लिए पीने का पानी, बेंच और साफ़ शौचालय हों। छत के सौर पैनलों से बत्तियाँ जलें।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 7 पेज 191 के प्रश्न 6 Part 4 के उत्तर का चित्र

7. वर्तमान आधुनिक अवसंरचना के लिए निरंतर प्रौद्योगिकीय नवाचार आवश्यक हैं। उदाहरणस्वरूप, डीजल या पेट्रोल जैसे प्रदूषणकारी ईंधनों के सुलभ और स्वच्छ विकल्प के रूप में विद्युत वाहनों का उपयोग लोगों द्वारा बढ़ता जा रहा है। ऐसे अन्य नवाचारों के विषय में सूचनाएँ एकत्रित कीजिए जो समाज के लिए जीवन को अधिक सुगम बनाने या आवागमन की सुविधा को उत्तम करने में सहायक सिद्ध हो सकते हैं।

उत्तर:
मुझे तीन नवाचार खास लगे। दिल्ली मेट्रो अपनी बिजली की कुछ ज़रूरत सौर ऊर्जा से पूरी करती है। इससे इतनी बड़ी परिवहन सेवा चलाने में धूप भी काम आती है। रेल की पटरी पर हाथियों जैसे जानवरों के आने की चेतावनी देने वाली प्रणाली चालक को समय रहते सावधान कर सकती है। इससे दुर्घटना टल सकती है। आपदा के समय मोबाइल पर एक साथ चेतावनी भेजना भी उपयोगी है। इससे लोगों को जल्दी पता चलता है कि उन्हें सुरक्षित जगह जाना है।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 7 पेज 191 के प्रश्न 7 के उत्तर का चित्र

अवसंरचना वाले प्रश्नों को अपने परिवेश से जोड़ें

इस अध्याय के उत्तरों में अपने आस-पास के उदाहरण अवश्य दें, क्योंकि ‘प्रश्न और क्रियाकलाप’ का पहला प्रश्न ही पूछता है कि पिछले एक दशक में आपके क्षेत्र में कौन-सी भौतिक अवसंरचना विकसित हुई और उससे आपके परिवार को क्या लाभ हुआ। इसके लिए नई सड़क, कोई नया पुल, नई रेल सुविधा या घर तक नल से पहुँचने वाला पेयजल जैसे उदाहरण सोचकर रखें। परिवहन अवसंरचना के पाँचों भागों — सड़क एवं राजमार्ग, रेलमार्ग, महानगरीय रेल प्रणालियाँ, वायु परिवहन तथा नौवहन और पत्तन — की एक सारणी बनाएँ और हर एक के आगे उसका एक मुख्य लाभ लिखें। भाप से चलने वाली रेलगाड़ियों से लेकर विद्युत से चलने वाली आधुनिक रेलगाड़ियों तक, और तार से लेकर आज के दूरसंचार तक के बदलाव को समय-रेखा पर दिखाएँ।




अवसंरचना वाले प्रश्नों में यह बात अवश्य लिखें कि अच्छी अवसंरचना सभी आर्थिक गतिविधियों की आधारशिला है — पत्तन, राजमार्ग और विमानपत्तन जैसे निर्माण प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष, दोनों प्रकार के रोजगार सृजित करते हैं। अध्याय ‘अवसंरचना के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व’ की बात भी करता है: सड़कों पर कूड़ा फैलाना और भवनों या स्मारकों पर लिखना सार्वजनिक संपत्ति को हानि पहुँचाता है। सुरक्षित और संधारणीय अवसंरचना, स्वच्छ ऊर्जा तथा बच्चों, वृद्धजनों और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए सुगम ढाँचे की आवश्यकता पर भी एक-दो वाक्य लिखें। इसके बाद अगला अध्याय ‘बैंक एवं वित्तीय सेवाएँ’ पढ़ें, जो वित्तीय अवसंरचना को समझाता है। पूरी पुस्तक के अध्यायवार प्रश्न-उत्तर कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान एनसीईआरटी समाधान पृष्ठ पर क्रम से दिए गए हैं।