कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 1 भारत में कृषि की यात्रा के एनसीईआरटी समाधान
कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 1 ‘भारत में कृषि की यात्रा’ के एनसीईआरटी समाधान सत्र 2026-27 के लिए हिंदी माध्यम में दिए गए हैं। भाग 2 का यह पहला अध्याय बताता है कि भारतीय कृषि में पारंपरिक और आधुनिक दोनों पद्धतियाँ हैं, और इसमें फसल-उत्पादन के साथ पशुपालन तथा वानिकी जैसी गतिविधियाँ भी सम्मिलित हैं। इसमें विविध जलवायु और मानसून पर कृषि की निर्भरता, खरीफ, रबी और जायद — तीन प्रमुख फसल-ऋतुएँ, भारत के छह प्रमुख मृदा-प्रकार और मृदा के स्वास्थ्य का महत्व समझाया गया है। पारंपरिक रूप से संरक्षित बीजों और अधिक पैदावार वाले बीजों का अंतर, सिंचाई के साधन और कृषि में आए बदलाव भी इसमें हैं।
कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 1 के त्वरित लिंक
- महत्वपूर्ण प्रश्न: पेज 1 के प्रश्न उत्तर
- आइए पता लगाएँ: पेज 3 के प्रश्न उत्तर
- आइए पता लगाएँ: पेज 7 के प्रश्न उत्तर
- आइए पता लगाएँ: पेज 9 के प्रश्न उत्तर
- आइए पता लगाएँ: पेज 11 के प्रश्न उत्तर
- आइए पता लगाएँ: पेज 22 के प्रश्न उत्तर
- आइए पता लगाएँ: पेज 25 के प्रश्न उत्तर
- प्रश्न और क्रियाकलाप: पेज 27 के प्रश्न उत्तर
- कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 पाठ 1 अंग्रेजी मीडियम में
- मोबाइल से पढ़ने के लिए कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान ऑफलाइन ऐप
एनसीईआरटी कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 अध्याय 1 समाधान
कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 के पेज 1 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर
पेज 1 – महत्वपूर्ण प्रश्न
1. भारतीय कृषि की मुख्य विशेषताएँ क्या हैं?
उत्तर:
भारत में हर जगह एक जैसी खेती नहीं होती। पंजाब में गेहूँ के खेत हैं, कश्मीर में केसर उगती है और उत्तर-पूर्व में चाय के बागान हैं। फसल का चुनाव मिट्टी, जलवायु और पानी की उपलब्धता पर निर्भर करता है। किसान खरीफ, रबी और जायद के मौसमों में अलग-अलग फसलें उगाते हैं। खेती के साथ पशुपालन और बागवानी भी बहुत से परिवारों की आजीविका हैं। कहीं बैलों से जुताई और हाथ से रोपाई होती है, तो कहीं इन्हीं कामों के लिए मशीनों का उपयोग होता है।

2. खेती, जलवायु, मिट्टी और जल आपस में कैसे संबंधित हैं?
उत्तर:
किसान फसल चुनते समय देखते हैं कि इलाके में कितनी गर्मी या ठंड पड़ती है, कितनी वर्षा होती है और मिट्टी कैसी है। मिट्टी पौधों को पोषण देती है और पानी सँभालकर रखती है। हर फसल की ज़रूरत अलग होती है। जैसे, धान को गर्मी और खूब पानी चाहिए, जबकि बाजरा कम पानी में भी उग सकता है। यदि बारिश ज़रूरत से कम हो तो सिंचाई करनी पड़ती है। इसलिए एक ही फसल हर जगह और हर मौसम में अच्छी पैदावार नहीं देती।
3. पारंपरिक और समकालीन पद्धतियाँ एक-दूसरे की पूरक कैसे हो सकती हैं?
उत्तर:
इसका एक अच्छा उदाहरण पानी बचाने का है। किसान पुराने तरीके से तालाब में बरसात का पानी जमा कर सकते हैं। फिर बूँद-बूँद सिंचाई की नलियों से वही पानी पौधों की जड़ों तक पहुँचा सकते हैं। इसी तरह वे गोबर की खाद से मिट्टी को उपजाऊ रखते हुए जुताई और कटाई के लिए मशीनें इस्तेमाल कर सकते हैं। दोनों तरीके साथ अपनाने से मेहनत, समय और पानी बचते हैं।
कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 के पेज 3 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर
पेज 3 – आइए पता लगाएँ
1. सामान्यतः आप जो भोजन करते हैं, उसकी एक सूची बनाइए। उसमें अनाजों, दालों, तेल, सब्जियों और फलों की पहचान कीजिए। अब भारत के भौतिक मानचित्र पर देखिए कि आप कहाँ रहते हैं (यदि आप चाहें तो पुस्तक के अंत में दिए गए भारत के राजनैतिक मानचित्र को भी देख सकते हैं)। आपके विचार से इनमें से कौन-सी खाद्य-सामग्रियाँ आपके क्षेत्र में उगाई जाती हैं? इनमें से कौन-सी सामग्रियाँ दूसरे स्थानों से आती हैं? आपके विचार से ये सामग्रियाँ आपके क्षेत्र में क्यों नहीं उगाई जाती हैं?
उत्तर:
मैं दिल्ली में रहता हूँ। भारत के मानचित्र में दिल्ली उत्तर भारत में, यमुना नदी के किनारे है। मेरी थाली में गेहूँ की रोटी, चने की दाल, सरसों के तेल में बनी सब्जी और खीरे का सलाद होता है। गर्मियों में मैं खरबूजा भी खाता हूँ। इनमें गेहूँ अनाज है, चना दाल है, सरसों तिलहन है, खीरा सब्जी है और खरबूजा फल है। ये सभी दिल्ली में भी उगते हैं।
हमारे घर में असम की चायपत्ती आती है और कभी-कभी खीर में कश्मीर का केसर डाला जाता है। असम में चाय को भरपूर बारिश मिलती है। कश्मीर में केसर के लिए ठंडा मौसम और ऐसी मिट्टी है जिसमें पानी नहीं ठहरता। दिल्ली के मैदान में ऐसी दशाएँ नहीं मिलतीं, इसलिए यहाँ इनकी आम खेती नहीं होती।


कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 के पेज 7 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर
पेज 7 – आइए पता लगाएँ
1. कल्पना कीजिए कि आपके राज्य में लगातार दो वर्षों तक सामान्य से कम मानसूनी वर्षा हुई। ऐसी स्थिति में कौन-सी वस्तुएँ आपके भोजन से लुप्त हो सकती हैं या उनकी उपलब्धता दुर्लभ हो सकती है?
उत्तर:
अगर दिल्ली में लगातार दो साल मानसून की बारिश कम हो, तो मेरी थाली में चावल पहले से कम हो सकता है। धान को खूब पानी चाहिए। सिंचाई का पानी भी घट जाए तो हरी सब्जियाँ कम मिलेंगी और उनके दाम बढ़ सकते हैं। हमारे घर में तब खीरे का सलाद कम बनेगा और चावल की जगह कभी बाजरे की रोटी बनेगी। बाजरे की फसल कम पानी में भी उग सकती है।
कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 के पेज 9 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर
पेज 9 – आइए पता लगाएँ
1. अपने राज्य या केंद्रशासित प्रदेश में एक वर्ष में उगाई जाने वाली फसलों की एक सूची तैयार कीजिए और उन्हें खरीफ, रबी और जायद फसलों में वर्गीकृत कीजिए।

उत्तर:
मैं दिल्ली में उगाई जाने वाली कुछ फसलों को तीन मौसमों में बाँट सकता हूँ। खरीफ में मानसून के साथ धान, ज्वार और बाजरा उगाए जाते हैं। रबी में सर्दियों के दौरान गेहूँ, सरसों और चना उगते हैं। रबी की कटाई और अगली खरीफ की बुआई के बीच गर्मियों का मौसम जायद कहलाता है। इस दौरान खीरा और खरबूजा उगाए जाते हैं।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 के पेज 11 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर
पेज 11 – आइए पता लगाएँ
1. उपरोक्त बताए गए प्रत्येक वर्ग में कम-से-कम दो राज्यों के नाम बताइए।

उत्तर:
जलोढ़ मिट्टी उत्तर प्रदेश और बिहार में मिलती है। महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में काली मिट्टी, तमिलनाडु और कर्नाटक में लाल मिट्टी और केरल तथा कर्नाटक में लैटेराइट मिट्टी मिलती है। राजस्थान और गुजरात के शुष्क भागों में मरुस्थलीय मिट्टी है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊँचे पहाड़ी भागों में पर्वतीय मिट्टी पाई जाती है।

2. आपके राज्य या केंद्रशासित प्रदेश में मुख्य रूप से किस प्रकार की मृदा पाई जाती है?
उत्तर:
मैं दिल्ली में रहता हूँ। यहाँ के मैदानी भागों में मुख्य रूप से जलोढ़ मृदा पाई जाती है। यमुना के किनारे यह नदी के साथ आई रेत और बारीक गाद के जमने से बनी है। दिल्ली की पहाड़ी रिज में चट्टानी ज़मीन भी है।
3. मृदा हमें स्थानों के इतिहास की कथाएँ बताती है कि सहस्रों वर्षों में जब मृदा निर्माण हो रहा था, तो क्या हुआ होगा। अपने आस-पड़ोस से मृदा के कुछ नमूने एकत्रित कीजिए और उन्हें ध्यानपूर्वक देखिए (यदि संभव हो तो आवर्धक लेंस या सूक्ष्मदर्शी (माइक्रोस्कोप) का उपयोग करके मृदा का परीक्षण कीजिए)। इन नमूनों में क्या-क्या घटक दिखाई देते हैं? मृदा की उत्पत्ति कैसे हुई होगी? क्या आपको मानवीय गतिविधि के कोई संकेत दिखाई देते हैं? समय के साथ, इन गतिविधियों का मृदा पर क्या प्रभाव पड़ सकता है?
उत्तर:
मैंने पार्क की क्यारी और सड़क की पटरी से थोड़ी-थोड़ी मिट्टी लेकर सफेद कागज़ पर फैलाई। आवर्धक लेंस से क्यारी की मिट्टी में बारीक कण, जड़ें और सड़ी पत्तियों के टुकड़े दिखे। पटरी की मिट्टी में रेत, कंकड़, ईंट का चूरा और प्लास्टिक का टुकड़ा था।
मुझे लगता है कि चट्टानों के टूटने से बने कणों में धीरे-धीरे सड़ी पत्तियाँ और दूसरे जैविक पदार्थ मिलते गए होंगे। इस तरह मिट्टी बनी होगी। हाँ, लोगों के काम के निशान भी दिखे। क्यारी में डाली गई खाद मिट्टी को उपजाऊ बनाती है। पटरी पर लगातार चलने से मिट्टी दब जाती है और पानी आसानी से अंदर नहीं जाता। फेंका हुआ प्लास्टिक भी मिट्टी में रह जाता है।

4. एक लघु समूह परियोजना बनाइए। भिन्न-भिन्न प्रकार की मृदा में उगने वाली सब्जियों, फलों और वृक्षों की पहचान कीजिए।

उत्तर:
तिवारी अकादमी में हमारे समूह ने देखा कि गहरी जलोढ़ मिट्टी में आम के पेड़ और नदी किनारे की बलुई मिट्टी में तरबूज उगते हैं। अच्छी जल-निकासी वाली काली या लाल दोमट मिट्टी में छोटा प्याज उग सकता है। लैटेराइट मिट्टी में शकरकंद, नारियल और काजू भी उगते हैं। ठंडी पहाड़ी ढलानों की दोमट मिट्टी में सेब के पेड़ मिलते हैं। हमारे चार्ट से पता चलता है कि एक ही पौधा कई तरह की मिट्टी में उग सकता है, अगर उसे सही मौसम और पानी मिले।

5. एक पारिवारिक भोजन प्रवाह-चित्र बनाइए जिसमें आपके प्रिय व्यंजनों को उन विभिन्न फसलों से जोड़िए जिनसे वे निर्मित होती हैं और उन फसलों को उस मृदा से जोड़िए जिसमें वे उगाई जाती हैं।
उत्तर:
हमारे घर में रोटी, डोसा और शकरकंद की चाट सबको पसंद हैं। मैंने रोटी को गेहूँ से और गेहूँ को जलोढ़ मिट्टी से जोड़ा। डोसे के लिए दो रास्ते बनाए, क्योंकि उसके घोल में चावल और उड़द दोनों डालते हैं। मैंने चावल के लिए जलोढ़ और उड़द के लिए काली मिट्टी चुनी। चाट के लिए शकरकंद चाहिए, जो लैटेराइट मिट्टी में भी उगता है।

कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 के पेज 22 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर
पेज 22 – आइए पता लगाएँ
1. पारंपरिक विधियों से प्रेरित आधुनिक कृषि समाधानों की पहचान कीजिए (उदाहरण के लिए, नीम आधारित उपाय)।
उत्तर:
पुराने किसान कीड़ों से फसल बचाने के लिए नीम का इस्तेमाल करते थे। आज भी नीम से बने कीटनाशक इसी समझ पर आधारित हैं। जैविक खेती में मिट्टी को पोषण देने के लिए गोबर की खाद और बीजों से तेल निकालने के बाद बची खली काम आती है। पानी बचाने में भी पुरानी और नई विधियों में समानता है। बाँस की नलियों से पानी पौधों तक पहुँचाने की तरह आज ड्रिप सिंचाई की नलियाँ पानी सीधे जड़ों तक पहुँचाती हैं।
कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 के पेज 25 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर
पेज 25 – आइए पता लगाएँ
1. कुछ दिनों तक रेडियो पर कृषकों के लिए विशेष कार्यक्रम सुनिए अथवा दूरदर्शन पर कृषकों से संबंधित कोई कार्यक्रम देखिए। इनके माध्यम से दी जाने वाली सूचनाओं को ध्यानपूर्वक लिखिए। आपने जो सूचनाएँ एकत्रित की हैं, उनका वर्गीकरण कीजिए और इस गतिविधि के समय आपके मन में जो प्रश्न आए, उन पर एक संक्षिप्त प्रतिवेदन तैयार कीजिए।
उत्तर:
डीडी किसान के तीन दिनों के कार्यक्रमों पर मेरा प्रतिवेदन
- 8 अक्टूबर 2025, खेती की विधि — ‘कृषि दर्शन’ का विषय जैविक खेती था। मैंने इसे गोबर की खाद और खली से मिट्टी को उपजाऊ बनाने से जोड़ा। मेरा सवाल था, छोटा किसान अपने खेत के लिए पर्याप्त खाद कैसे जुटाएगा?
- 9 अक्टूबर, मौसम की सूचना — ‘मौसम खबर’ में बारिश और तेज़ हवाओं की चेतावनी पर चर्चा थी। समय पर खबर मिले तो किसान कटी हुई फसल को ढक सकते हैं। किसान अपने गाँव की चेतावनी कहाँ सुन सकते हैं?
- 10 अक्टूबर, कटाई के बाद का काम — ‘कृषि दर्शन’ का विषय पराली सँभालना था। पराली कटाई के बाद खेत में बची फसल का हिस्सा है। मेरा सवाल था, इसे बिना जलाए अगली बुआई के लिए खेत कैसे तैयार किया जा सकता है?
कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान भाग 2 के पेज 27 पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर
पेज 27 – प्रश्न और क्रियाकलाप
1. केरलम के कृषक चावल उगाते हैं जबकि पंजाब के कृषक अधिकतर गेहूँ उगाते हैं, क्यों? दोनों राज्यों के कृषक अपनी-अपनी फसलें बदल लें तो इसके क्या परिणाम हो सकते हैं?
उत्तर:
केरलम में गर्मी, नमी और भरपूर वर्षा धान के लिए अच्छी हैं। पंजाब के उपजाऊ मैदानों में सर्दी गेहूँ की बढ़वार के लिए अनुकूल है और पकने के समय का सूखा मौसम उसकी कटाई में मदद करता है। पंजाब में धान भी उगता है, लेकिन जहाँ बारिश कम हो वहाँ उसे ज़्यादा सिंचाई चाहिए। केरलम के गर्म, अधिक वर्षा वाले इलाकों में गेहूँ को ज़रूरत भर ठंड नहीं मिलेगी और उसकी उपज घट सकती है।
2. निम्नलिखित का मिलान करें-

उत्तर:
(क) खरीफ फसलें — (ii) मानसून के समय उगाई जाने वाली फसलें।
(ख) रबी फसलें — (i) शीत ऋतु में उगाई जाने वाली फसलें।
(ग) जलोढ़ मृदा — (v) नदियों द्वारा जमा की गई पोषक तत्वों से समृद्ध मृदा।
(घ) सीढ़ीदार कृषि — (vi) पहाड़ी ढलानों पर की जाने वाली कृषि पद्धति।
(ङ) पर्वतीय मृदा — (iii) पर्वतीय क्षेत्रों में पाई जाने वाली पतली, खुरदरी और पथरीली मृदा।
(च) जायद फसलें — (iv) ग्रीष्म ऋतु में उगाई जाने वाली फसलें।

3. कुछ फसलें केवल विशिष्ट क्षेत्रों में ही क्यों अच्छी तरह विकसित होती हैं?
उत्तर:
हर फसल की ज़रूरत अलग होती है। किसी को बढ़ने के लिए खूब पानी चाहिए, किसी को कम। तापमान, धूप, मिट्टी की उर्वरता, उसमें नमी टिकने की क्षमता और भूमि की ढलान भी उपज पर असर डालते हैं। जैसे, धान गर्म और अधिक पानी वाले खेतों में अच्छा होता है। बाजरा कम वर्षा में भी उग सकता है और कपास नमी सँभालकर रखने वाली काली मिट्टी में अच्छी होती है।
4. आधुनिक प्रौद्योगिकी ने कृषकों की सहायता किस प्रकार की है?
उत्तर:
ट्रैक्टर से जुताई, रोपाई की मशीन से धान की रोपाई और हार्वेस्टर से कटाई जल्दी होती है। किसान बूँद-बूँद सिंचाई से सीधे जड़ों तक पानी पहुँचा सकते हैं। मिट्टी में नमी का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद भी ली जा सकती है। मौसम का पूर्वानुमान देखकर किसान सिंचाई और कटाई का समय चुन सकते हैं। शीत भंडार में उपज रखकर वे उसे कुछ समय तक खराब होने से बचा सकते हैं और बाजार भाव की जानकारी लेकर बेचने का समय तय कर सकते हैं।
5. संधारणीय कृषि क्यों आवश्यक है? इस पर एक छोटी टिप्पणी लिखिए।
उत्तर:
हमें हर साल भोजन चाहिए, इसलिए खेती ऐसे करनी होगी कि आज की फसल लेने के बाद भी मिट्टी उपजाऊ रहे और आने वाले वर्षों के लिए पानी बचे। खेत में लगातार एक ही फसल लेने और जरूरत से अधिक रसायन डालने से मिट्टी, जलस्रोत और परागण करने वाली मधुमक्खियाँ प्रभावित हो सकती हैं। फसलें बदल-बदलकर उगाना, जैविक खाद देना और पानी बचाने वाली सिंचाई अपनाना उपयोगी उपाय हैं। इनसे किसान लंबे समय तक अपनी जमीन पर खेती कर सकते हैं।
6. वर्तमान में कृषकों को किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, उनके नाम बताइए। इनका जन-सामान्य पर क्या प्रभाव पड़ सकता है?
उत्तर:
पीढ़ी-दर-पीढ़ी बँटने से कई किसानों के खेत बहुत छोटे रह गए हैं। ऐसे खेतों में बड़ी मशीन चलाना कठिन है और उसे खरीदना या किराए पर लेना महँगा पड़ता है। पानी की कमी, असमय बारिश, सूखा या बहुत तेज़ वर्षा भी फसल बिगाड़ सकते हैं। उपज सँभालकर रखने की सुविधा या उचित दाम न मिले तो किसान की कमाई घटती है और कर्ज चुकाना मुश्किल हो जाता है। जब बहुत से किसानों की फसल खराब होती है, तब बाजार में अनाज और सब्जियाँ कम पहुँचती हैं। इनके दाम बढ़ सकते हैं, जिससे कम आय वाले परिवारों की थाली पर सबसे अधिक असर पड़ता है।
7. कक्षा में इस विषय पर चर्चा कीजिए- “पारंपरिक सिंचाई की विधियाँ आधुनिक विधियों से उन्नत हैं”।
उत्तर:
चर्चा में मैंने कहा कि पूर्वोत्तर की बाँस की नलियाँ स्थानीय सामग्री से पानी खेत तक ले जाती हैं। महाराष्ट्र की ‘फड़’ प्रणाली में लोग छोटी नहरों से मिलकर नदी का पानी खेतों तक पहुँचाते हैं। इन विधियों में किसानों का अपने इलाके और जलस्रोत का अनुभव काम आता है। एक सहपाठी ने कहा कि जहाँ पानी कम है, वहाँ आधुनिक ड्रिप सिंचाई से पानी सीधे जड़ों पर देना उपयोगी है। फुहारे से पानी बारिश की तरह फैलाया जा सकता है। हमारा निष्कर्ष था कि चुनाव खेत, पानी और खर्च को देखकर करना चाहिए। मिसाल के लिए, पारंपरिक तालाब में वर्षा का पानी जमा कर उसे आधुनिक ड्रिप नलियों से खेत में दिया जा सकता है।

8. एक छोटा निबंध लिखिए जिसमें बताइए कि जब आपकी आयु 60 वर्ष होगी, तब कृषि कैसी हो सकती है। आप अपनी कल्पना को चित्रों एवं रंगों के माध्यम से भी अभिव्यक्त कर सकते हैं।
उत्तर:
जब मैं साठ साल का होऊँगा
मैं सोचता हूँ कि तब खेत की मेड़ पर खड़ा किसान यह जान सकेगा कि किस क्यारी की मिट्टी सूखी है। ऊपर उड़ता एक छोटा ड्रोन खेत का हाल बताएगा और नलियाँ उतना ही पानी देंगी जितनी पौधों की जड़ों को जरूरत है। पास के तालाब में बरसात का पानी जमा होगा। गाँव के किसान छोटी मशीनें मिलकर इस्तेमाल करेंगे, ताकि छोटे खेत वाला परिवार भी समय पर बुआई और कटाई कर सके।
मुझे उम्मीद है कि उस खेत में पुरानी चीजें भी दिखेंगी। मेड़ों पर फलदार पेड़ होंगे, मिट्टी में गोबर की खाद डाली जाएगी और कुछ बीज अगली बुआई के लिए सँभालकर रखे जाएँगे। दिल्ली की छतों पर भी लोग पानी में पोषक तत्व मिलाकर सब्जियाँ उगा सकेंगे। मैं चाहूँगा कि नई तकनीक किसान की मेहनत आसान करे और हमारी थाली भरने के साथ खेतों को भी स्वस्थ रखे।
9. छोटे-छोटे समूह बनाइए और गंगा के बेसिन को प्रभावित करने वाली समस्याओं पर चर्चा कीजिए। अपने समाधानों और उनके कारणों (आपके तर्क) के साथ एक प्रस्तुति तैयार कर कक्षा में साझा कीजिए और उस पर चर्चा कीजिए। आपके अध्यापक इस कार्य में आपका मार्गदर्शन करेंगे।
उत्तर:
हमारे समूह की प्रस्तुति – गंगा के बेसिन में पानी की समस्या
साथियो, गंगा के पानी और उसकी लाई उपजाऊ मिट्टी से बहुत से परिवारों की खेती चलती है। गर्मियों में कुछ जगह नदी इतनी उथली हो जाती है कि नाव चलाना भी मुश्किल हो जाता है। हमारी चर्चा में चार बातें सामने आईं।
- सिंचाई के लिए नदी का बहुत पानी मोड़ा जाता है। जहाँ संभव हो, बूँद-बूँद सिंचाई अपनाने से कम पानी में पौधों की ज़रूरत पूरी होगी।
- खेत और उद्योग भूजल भी खींचते हैं। बारिश का पानी तालाबों में जमा करें, तो उसका कुछ हिस्सा जमीन में रिसेगा और सूखे महीनों में काम आएगा।
- बाँध नदी का बहाव रोकते हैं। पानी छोड़ते समय नीचे बसे गाँवों की ज़रूरत का ध्यान रखने से वहाँ भी पानी पहुँच सकेगा।
- बढ़ती गर्मी से हिमालय के हिमनद तेज़ी से पिघल रहे हैं। पानी की उपलब्धता बदलने पर कम पानी वाली फसलें चुनने से खेती का नुकसान घट सकता है।
कक्षा में सवाल उठा कि गाँव अपने स्तर पर क्या कर सकता है। हमने सुझाव दिया कि लोग मिलकर तालाब सँभालें और सिंचाई की बारी तय करें।
10. ‘अतीत की गूँज’ अनुभाग में उल्लिखित फसलों को देखकर बताइए कि आपके घर में कौन-कौन सी फसलें उपयोग में लाई जाती हैं? आप अपने अवलोकनों के आधार पर क्या निष्कर्ष निकाल सकते हैं?
उत्तर:
हमारे घर में गेहूँ के आटे की रोटियाँ और चावल बनते हैं। मूँग और उड़द की दाल पकती है। सब्जी बनाने में सरसों का तेल, मेथी के पत्ते और कभी-कभी तिल इस्तेमाल होते हैं। गर्मियों में हम आम और जामुन भी खाते हैं। कपास का उपयोग हमारे सूती कपड़ों में होता है। मेरी सूची से पता चलता है कि प्राचीन किसानों की उगाई हुई कई फसलें आज भी हमारे भोजन और पहनावे का हिस्सा हैं। एक ही फसल का उपयोग अलग-अलग रूपों में हो सकता है, जैसे सरसों से तेल मिलता है और उसके पत्तों से साग बनता है।
कृषि वाले प्रश्नों की तैयारी कैसे करें
इस अध्याय की तैयारी के लिए एक सारणी बनाएँ जिसमें तीनों फसल-ऋतुओं के आगे बुवाई का समय, कटाई का समय और दो-दो प्रमुख फसलें लिखी हों; इससे फसल-ऋतुओं वाले प्रश्न सरलता से हल होंगे। मृदा वाले प्रश्नों में हर मृदा-प्रकार के साथ यह भी लिखें कि वह किस क्षेत्र में मिलती है और उसमें कौन-सी फसलें अच्छी होती हैं। पारंपरिक और अधिक पैदावार वाले बीजों की तुलना करते समय दोनों के लाभ और सीमाएँ लिखें, जैसे बाहर से खरीदे बीजों पर किसानों की निर्भरता बढ़ना। अपने क्षेत्र में उगाई जाने वाली फसलों के उदाहरण जोड़ने से उत्तर अधिक प्रामाणिक लगते हैं।
यह अध्याय भाग 1 के ‘भारत की भौगोलिक विविधता’ और ‘भारत की जलवायु’ से गहराई से जुड़ा है, क्योंकि मिट्टी, वर्षा और तापमान ही तय करते हैं कि कहाँ कौन-सी फसल उगेगी। किसी किसान से बात करके पता लगाएँ कि वह बीज कहाँ से लाता है, सिंचाई कैसे करता है और मौसम का उसकी खेती पर क्या प्रभाव पड़ता है – यह अध्याय की परियोजना के लिए उत्तम अभ्यास है। अध्याय के आरंभ में दिया गया ‘कृषिपराशर’ का उद्धरण बताता है कि मेहनती और जागरूक किसान को कभी हानि नहीं होती। भाग 2 के अन्य अध्यायों के लिए कक्षा 7 सामाजिक विज्ञान एनसीईआरटी समाधान पृष्ठ पर जाएँ।
