एनसीईआरटी समाधान कक्षा 8 विज्ञान जिज्ञासा अध्याय 3 स्वास्थ्य – एक अमूल्य निधि

कक्षा 8 विज्ञान जिज्ञासा अध्याय 3 स्वास्थ्य – एक अमूल्य निधि एनसीईआरटी समाधान में स्वास्थ्य की अवधारणा, स्वस्थ जीवनशैली और रोगों के कारणों को समझाया गया है। इसमें बताया गया है कि स्वास्थ्य केवल रोग का अभाव नहीं है, बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक संतुलन की स्थिति है। इस अध्याय में संक्रामक और असंक्रामक रोगों के प्रकार, उनके फैलने के तरीके तथा रोकथाम के उपायों पर चर्चा की गई है। साथ ही स्वच्छता, संतुलित आहार, व्यायाम, टीकाकरण और प्रतिरक्षा प्रणाली के महत्व को भी समझाया गया है, जिससे विद्यार्थी स्वस्थ जीवन के वैज्ञानिक सिद्धांतों को समझ सकते हैं।

कक्षा 8 विज्ञान जिज्ञासा अध्याय 3 के प्रश्न उत्तर

1. चित्रों में दर्शाए गए रोगों को संचरणीय अथवा असंचरणीय रोगों के रूप में समूहित करें।
(सर्दी-जुकाम और फ्लू, आंत्र ज्वर (टाइफॉइड), मधुमेह (डायबीटीज), अस्थमा (दमा), छोटी माता (चिकनपॉक्स))
उत्तर:
संचरणीय रोग (एक व्यक्ति से दूसरे में फैलते हैं):
• सर्दी-जुकाम और फ्लू — विषाणु द्वारा, वायु के माध्यम से
• आंत्र ज्वर (टाइफॉइड) — जीवाणु द्वारा, दूषित जल और भोजन से
• छोटी माता (चिकनपॉक्स) — विषाणु द्वारा, वायु के माध्यम से

असंचरणीय रोग (एक व्यक्ति से दूसरे में नहीं फैलते):
• मधुमेह (डायबीटीज) — जीवनशैली और हॉर्मोन असंतुलन के कारण
• अस्थमा (दमा) — पर्यावरण, एलर्जी और जीवनशैली के कारण

2. रोगों को व्यापक रूप से संचरणीय और असंचरणीय रोगों के रूप में वर्गीकृत किया जा सकता है। नीचे दिए गए विकल्पों में से असंचरणीय रोगों को पहचानिए।
(i) आंत्र ज्वर (ii) अस्थमा (iii) मधुमेह (iv) खसरा
(क) (i) और (ii) (ख) (ii) और (iii) (ग) (i) और (iv) (घ) (ii) और (iv)
उत्तर:
(ख) (ii) और (iii) है।
अस्थमा और मधुमेह असंचरणीय रोग हैं क्योंकि ये रोगाणुओं के कारण नहीं होते और एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलते। ये जीवनशैली, आहार और पर्यावरण से जुड़े होते हैं। आंत्र ज्वर और खसरा संचरणीय रोग हैं जो क्रमशः जीवाणु और विषाणु से होते हैं।

3. आपके विद्यालय में फ्लू का प्रकोप हुआ है। आपके अनेक सहपाठी अनुपस्थित हैं जबकि कुछ खाँसते और छींकते हुए विद्यालय आ रहे हैं।
(i) संक्रमण को और अधिक फैलने से रोकने के लिए विद्यालय द्वारा तत्काल क्या उपाय किए जाने चाहिए?
(ii) यदि आपके साथ बेंच पर बैठने वाले सहपाठी में फ्लू के लक्षण दिखने लगें तो आप उन्हें दु:ख अथवा ठेस पहुँचाए बिना कैसे प्रतिक्रिया देंगे?
(iii) इस स्थिति में आप स्वयं को और दूसरों को संक्रमित होने से कैसे बचा सकते हैं?
उत्तर:
(i) विद्यालय द्वारा निम्नलिखित उपाय तुरंत किए जाने चाहिए —

  • फ्लू के लक्षण वाले विद्यार्थियों को घर भेजा जाए और आराम करने की सलाह दी जाए।
  • कक्षाओं, शौचालयों और सामान्य स्थानों को अच्छी तरह साफ और कीटाणुरहित किया जाए।
  • सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को मास्क पहनने के लिए कहा जाए।
  • बार-बार हाथ धोने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
  • अभिभावकों को सूचित किया जाए कि यदि बच्चे में लक्षण हों तो उन्हें विद्यालय न भेजें।
  • भीड़ कम करने के लिए कक्षाओं को हवादार रखा जाए।

(ii) मैं सहपाठी से प्यार से कहूँगा — “दोस्त, तुम्हें बुखार और खाँसी लग रही है। क्या तुम ठीक हो? मेरे विचार से तुम्हें शिक्षक को बताकर घर जाकर आराम करना चाहिए ताकि तुम जल्दी ठीक हो जाओ। चिंता मत करो, मैं बाद में नोट्स शेयर कर दूँगा।” इस तरह बिना शर्मिंदा किए सहानुभूति के साथ उसकी मदद की जा सकती है।

(iii) इस स्थिति में आप स्वयं को और दूसरों को संक्रमित होने से नीचे दिये गये तरीकों से  बचा सकते हैं:

  • बार-बार साबुन और पानी से हाथ धोएँ।
  • मास्क पहनें।
  • अपनी आँखों, नाक और मुँह को बिना धुले हाथों से न छुएँ।
  • संक्रमित व्यक्ति के साथ खाने-पीने की वस्तुएँ साझा न करें।
  • रोगी से उचित दूरी बनाए रखें।
  • कक्षा में हवा आने-जाने दें — खिड़कियाँ खुली रखें।

4. आपका परिवार ऐसे स्थान पर यात्रा की योजना बना रहा है जहाँ मलेरिया का प्रकोप है।
(i) यात्रा से पूर्व, यात्रा के समय और यात्रा के पश्चात आपको कौन-कौन सी सावधानियाँ रखनी चाहिए?
(ii) आप अपने भाई अथवा बहन को मच्छरदानी या मच्छर प्रतिकर्षी का महत्त्व कैसे समझाएँगे?
(iii) यदि ऐसे क्षेत्रों में यात्री स्वास्थ्य सलाह की अनदेखी करते हैं तो क्या हो सकता है?
उत्तर:
(i) यात्रा से पूर्व:
• चिकित्सक से मलेरिया-रोधी दवाइयाँ लें।
• मच्छर प्रतिकर्षी (Mosquito Repellent) क्रीम और मच्छरदानी साथ ले जाएँ।
• पूरी बाँह के कपड़े पैक करें।
यात्रा के समय:
• शाम और रात को पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें।
• मच्छर प्रतिकर्षी क्रीम लगाएँ।
• मच्छरदानी के अंदर सोएँ।
• रुके हुए पानी के पास न जाएँ जहाँ मच्छर पनपते हैं।
• उबला हुआ या बोतलबंद पानी पिएँ।
यात्रा के पश्चात:
• यदि बुखार, कंपकंपी या अत्यधिक पसीना आए तो तुरंत चिकित्सक से मिलें।
• मलेरिया परीक्षण (रक्त जाँच) करवाएँ।

(ii) मैं उन्हें सरल भाषा में समझाऊँगा — “मलेरिया एक खतरनाक बीमारी है जो मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से होती है। जब हम मच्छरदानी के अंदर सोते हैं या मच्छर भगाने वाली क्रीम लगाते हैं, तो मच्छर हमें नहीं काट पाता और हम सुरक्षित रहते हैं। यह छोटी-सी सावधानी हमें बहुत बड़ी बीमारी से बचा सकती है।”

(iii) यदि यात्री स्वास्थ्य सलाह की अनदेखी करें तो —
• मच्छर के काटने से मलेरिया हो सकता है जिसमें तेज बुखार, कंपकंपी और थकान होती है।
• समय पर उपचार न मिलने पर यह जानलेवा भी हो सकता है।
• संक्रमित यात्री घर लौटने पर परिवार और समुदाय में रोग फैला सकता है।
• बार-बार मलेरिया होने से शरीर कमजोर पड़ जाता है।

5. आपके चाचाजी ने अपने मित्रों की संगत में पड़कर धूम्रपान करना आरंभ कर दिया है जबकि यह सर्वविदित है कि धूम्रपान स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है और मृत्यु का कारण भी बन सकता है।
(i) आप उन्हें ठेस पहुँचाए बिना उनसे ऐसा क्या कहेंगे जिससे कि वे इसे छोड़ दें?
(ii) यदि आपके मित्र ने पार्टी में आपको धूम्रपान करने के लिए कहा तो आप क्या करेंगे?
(iii) विद्यालय ऐसी हानिकारक आदतों से विद्यार्थियों को बचाने में कैसे सहायता कर सकते हैं?
उत्तर:
(i) मैं प्यार और सम्मान के साथ चाचाजी से कहूँगा — “चाचाजी, आप हम सबके लिए बहुत महत्त्वपूर्ण हैं। मुझे पढ़ाई में पता चला है कि धूम्रपान से फेफड़ों का कैंसर, हृदय रोग और साँस की तकलीफ हो सकती है। मैं चाहता हूँ कि आप हमेशा स्वस्थ रहें और हमारे साथ खुशी से जीएँ। क्या आप इसे धीरे-धीरे छोड़ने की कोशिश करेंगे? डॉक्टर से मदद भी ली जा सकती है।”

(ii) मैं दृढ़ता से लेकिन विनम्रता से मना कर दूँगा और कहूँगा — “नहीं धन्यवाद, मैं धूम्रपान नहीं करता। यह मेरे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और मेरा निर्णय है।” सच्चा मित्र वही होता है जो हमारी सीमाओं का सम्मान करे। यदि मित्र दबाव डाले तो उस संगत से दूर रहना ही सही निर्णय है।

(iii) विद्यालय ऐसी हानिकारक आदतों से विद्यार्थियों को बचाने में नीचे दिये गये तरीकों से सहायता कर सकते हैं:
• स्वास्थ्य शिक्षा और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें।
• धूम्रपान और नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा और नाटक करवाएँ।
• विद्यालय परिसर को पूर्णतः तंबाकू-मुक्त क्षेत्र घोषित करें।
• परामर्शदाता (Counsellor) की सेवाएँ उपलब्ध कराएँ ताकि विद्यार्थी दबाव से निपट सकें।
• खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से विद्यार्थियों का समय सकारात्मक कार्यों में लगाएँ।

6. सानिया अपनी सखी विनीता से कहती है, “प्रतिजैविक औषधियाँ किसी भी संक्रमण को ठीक कर सकती हैं इसलिए हमें रोगों की चिंता नहीं करनी चाहिए।” विनीता ऐसे कौन-कौन से प्रश्न पूछ सकती हैं जिससे सानिया समझ सके कि उसका कथन गलत है?
उत्तर:
विनीता ये प्रश्न पूछ सकती है —

  • सानिया, क्या तुम जानती हो कि प्रतिजैविक औषधियाँ केवल जीवाणु से होने वाले संक्रमणों पर ही काम करती हैं — विषाणु (वायरस) से होने वाली सर्दी, फ्लू या कोविड पर नहीं?
  • क्या तुमने प्रतिजैविक प्रतिरोध के बारे में सुना है? यदि हम बिना जरूरत के ये दवाइयाँ लेते रहें तो जीवाणु उनके प्रति प्रतिरोधी बन जाते हैं और दवाइयाँ बेअसर हो जाती हैं — तब क्या होगा?
  • क्या यह सही नहीं है कि प्रतिजैविक औषधियाँ केवल चिकित्सक के परामर्श पर लेनी चाहिए — अपने मन से लेना खतरनाक हो सकता है?
  • यदि प्रतिजैविक सब कुछ ठीक कर सकती हैं तो फिर टीकाकरण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली की क्या जरूरत है?
  • क्या प्रतिजैविक औषधियाँ मलेरिया या डेंगू जैसे रोगों में भी काम करती हैं जो प्रोटोजोआ या विषाणु से होते हैं?

7. निम्नलिखित तालिका में एक वर्ष की अवधि में एक चिकित्सालय में अंकित किए गए डेंगू के मामलों की संख्या की जानकारी दी गई है —
आप एक बार ग्राफ (दंड आलेख) बनाए जिसमे Y – अक्ष पर मामलो की संख्या और X – अक्ष पर माह के नाम अंकित हो।अपने निष्कर्षों का समीक्षात्मक विश्लेषण कीजिए एव निमलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए –
(i) किन तीन महीनों में डेंगू के मामले सबसे अधिक थे?
उत्तर:
जुलाई, अगस्त और सितंबर — इन तीनों महीनों में सर्वाधिक 65-65 मामले दर्ज हुए।

(ii) किस महीने अथवा महीनों में मामले सबसे कम थे?
उत्तर:
जनवरी में सबसे कम 10 मामले थे।

(iii) डेंगू के सर्वाधिक प्रकोप वाले महीनों में कौन-से प्राकृतिक या पर्यावरणीय कारण इसके मामलों में वृद्धि का कारण बन सकते थे?
उत्तर:
जुलाई से सितंबर मानसून का मौसम होता है। इस दौरान —

  • वर्षा के कारण जगह-जगह पानी जमा हो जाता है जो मच्छरों के प्रजनन का उत्तम स्थान बनता है।
  • गर्म और नम मौसम में एडीज मच्छर (डेंगू का वाहक) तेजी से पनपता है।
  • घरों में कूलर, गमले, टायर आदि में रुका पानी मच्छरों को आमंत्रित करता है।
  • मानसून के बाद जल-जमाव के कारण मच्छरों की संख्या और बढ़ जाती है।

(iv) कुछ ऐसे निवारक उपाय सुझाइए जो समुदाय अथवा सरकार द्वारा ऐसे समय से पूर्व किए जा सकते हैं जब डेंगू के मामले सबसे अधिक होते हैं ताकि डेंगू के प्रकोप को कम किया जा सके?
उत्तर:
मानसून से पहले (अप्रैल-जून में) निम्नलिखित उपाय किए जा सकते हैं —

  • घरों और सार्वजनिक स्थानों पर जमे पानी को नष्ट करने का अभियान चलाएँ।
  • नालियों की सफाई और कीटनाशक छिड़काव करें।
  • विद्यालयों और सामुदायिक केंद्रों पर जागरूकता शिविर आयोजित करें।
  • मच्छरदानी और मच्छर प्रतिकर्षी का वितरण करें।
  • स्वास्थ्यकर्मियों को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात करें।
  • रोगियों की शीघ्र पहचान और उपचार की व्यवस्था करें।

8. कल्पना कीजिए कि आप एक विद्यालय के स्वास्थ्य अभियान के प्रभारी हैं। इस भूमिका में आप संचरणीय और असंचरणीय रोगों को कम करने के लिए कौन-कौन से मुख्य संदेश देंगे?
उत्तर:
संचरणीय रोगों के लिए संदेश:

  • “हाथ धोएँ — रोग भगाएँ!” — खाने से पहले और शौचालय के बाद साबुन से हाथ जरूर धोएँ।
  • खाँसते-छींकते समय मुँह और नाक ढकें।
  • बीमार होने पर घर पर आराम करें ताकि रोग न फैले।
  • उबला हुआ पानी पिएँ और ढका हुआ भोजन खाएँ।
  • टीकाकरण समय पर करवाएँ — यह आपकी और दूसरों की रक्षा करता है।
  • घर के आस-पास पानी जमा न होने दें।

असंचरणीय रोगों के लिए संदेश:

  • “जंक फूड छोड़ो — स्वास्थ्य अपनाओ!” — प्रतिदिन फल, सब्जियाँ और साबुत अनाज खाएँ।
  • प्रतिदिन कम से कम 30-60 मिनट व्यायाम करें।
  • स्क्रीन टाइम कम करें — प्रकृति में समय बिताएँ।
  • पर्याप्त नींद लें — 8-10 घंटे।
  • तम्बाकू, मद्य और मादक पदार्थों को सदा ‘ना’ कहें।
  • तनाव प्रबंधन के लिए ध्यान और योग करें।

9. यह सलाह दी जाती है कि वायरल संक्रमण, जैसे— सर्दी, खाँसी या फ्लू में प्रतिजैविक औषधियाँ न लें। क्या आप इस सलाह के संभावित कारण बता सकते हैं?
उत्तर:
इस सलाह के निम्नलिखित महत्त्वपूर्ण कारण हैं —

  • कारण 1:
    प्रतिजैविक वायरस पर काम नहीं करतीं: प्रतिजैविक औषधियाँ केवल जीवाणु (Bacteria) की कोशिकाओं के विशेष भागों को नष्ट करती हैं। विषाणु (Virus) की संरचना पूरी तरह अलग होती है — उनमें कोशिका भित्ति ही नहीं होती, इसलिए प्रतिजैविक उन पर बिल्कुल बेअसर होती हैं।
  • कारण 2:
    प्रतिजैविक प्रतिरोध का खतरा: बिना जरूरत के प्रतिजैविक लेने से शरीर में मौजूद जीवाणु उनके प्रति प्रतिरोधी बन जाते हैं। इससे भविष्य में जब वास्तव में प्रतिजैविक की जरूरत हो तब वे काम नहीं करतीं।
  • कारण 3:
    उपकारी जीवाणुओं को नुकसान: प्रतिजैविक हमारे शरीर में मौजूद उपकारी जीवाणुओं को भी नष्ट कर देती हैं जो पाचन और प्रतिरक्षा में सहायता करते हैं।
  • कारण 4:
    दुष्प्रभाव: अनावश्यक प्रतिजैविक लेने से दस्त, एलर्जी और अन्य दुष्प्रभाव हो सकते हैं।

10. किसी संक्रमित व्यक्ति के उत्सर्जी पदार्थ द्वारा पेयजल के संदूषित होने पर निम्नलिखित में से कौन-कौन से रोग फैल सकते हैं?
यकृतशोथ (हेपेटाइटिस) ए, क्षयरोग (टीबी), पोलियोमाइलाइटिस, हैजा, चेचक
उत्तर:
दूषित पेयजल से फैलने वाले रोग —

  • यकृतशोथ (हेपेटाइटिस) ए — हाँ, यह दूषित जल और भोजन से फैलता है।
  • पोलियोमाइलाइटिस — हाँ, यह भी दूषित पेयजल से फैलता है।
  • हैजा (कॉलरा) — हाँ, यह दूषित जल से फैलने वाला मुख्य रोग है।

11.  जब हमारा शरीर किसी रोगजनक (रोगाणु) का पहली बार सामना करता है तो हमारी प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया सामान्यतः कम होती है परंतु जब उसी रोगजनक से पुनः सामना होता है तो शरीर की प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया पहली बार की तुलना में कहीं अधिक प्रबल होती है। ऐसा क्यों होता है?
उत्तर:
जब कोई रोगाणु पहली बार शरीर में प्रवेश करता है तो प्रतिरक्षा प्रणाली उसे पहचानती है, उसके विरुद्ध एंटीबॉडी बनाती है और रोगाणु से लड़ती है। इस प्रक्रिया में कुछ समय लगता है इसलिए पहली बार प्रतिक्रिया धीमी होती है। इस पूरी लड़ाई के बाद शरीर कुछ विशेष कोशिकाएँ — स्मृति कोशिकाएँ (Memory Cells) — बना लेता है जो उस विशेष रोगाणु को लंबे समय तक याद रखती हैं। जब वही रोगाणु दोबारा शरीर में प्रवेश करता है तो ये स्मृति कोशिकाएँ उसे तुरंत पहचान लेती हैं और बहुत तेज़ी से बड़ी मात्रा में एंटीबॉडी बनाती हैं। इस कारण रोगाणु को नष्ट करने की प्रतिक्रिया पहले से कहीं अधिक तेज़ और प्रबल होती है।

इस अध्याय में क्या पढ़ना है? (What to Study in Chapter 3)

इस अध्याय में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, रोग और उनकी रोकथाम के बारे में मूलभूत वैज्ञानिक जानकारी दी गई है। इसमें यह बताया गया है कि केवल रोग का न होना ही स्वास्थ्य नहीं है, बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक संतुलन भी स्वास्थ्य का हिस्सा है।

मुख्य विषय

  • स्वास्थ्य की परिभाषा और उसके आयाम
  • स्वस्थ रहने की आदतें
  • रोगों के कारण
  • संक्रामक (Communicable) और असंक्रामक (Non-communicable) रोग
  • रोगों का फैलाव
  • रोगों की रोकथाम और टीकाकरण
  • प्रतिरक्षा प्रणाली (Immunity)

इस अध्याय से मिलने वाला ज्ञान

  • शरीर स्वस्थ कैसे रहता है
  • रोग क्यों होते हैं
  • रोगों से बचाव कैसे किया जाता है
  • स्वच्छता और जीवनशैली का महत्व

यह अध्याय स्वास्थ्य शिक्षा और दैनिक जीवन से सीधे जुड़ा हुआ है।

इस अध्याय को कैसे पढ़ें? (How to Study this Chapter)

इस अध्याय को समझने के लिए केवल पढ़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उदाहरण और गतिविधियों के माध्यम से समझना अधिक उपयोगी है।

पढ़ने की सही रणनीति

  1. पहले स्वास्थ्य की परिभाषा और आयाम को समझें।
  2. उसके बाद स्वस्थ जीवनशैली की आदतों पर ध्यान दें।
  3. फिर रोगों के प्रकार और कारण को पढ़ें।
  4. अंत में रोकथाम, टीकाकरण और उपचार को समझें।

पढ़ाई के लिए टिप्स

  • प्रत्येक विषय को चित्रों और तालिकाओं से जोड़कर पढ़ें।
  • उदाहरणों को अपने दैनिक जीवन से जोड़ें।
  • संक्रामक रोगों के फैलने के तरीकों को अच्छी तरह समझें।
  • गतिविधियों (Activities) को ध्यान से पढ़ें।

अध्याय के महत्वपूर्ण वैज्ञानिक सिद्धांत (Important Concepts)

इस अध्याय में कुछ प्रमुख वैज्ञानिक अवधारणाएँ दी गई हैं जिन्हें समझना आवश्यक है।

1. स्वास्थ्य के आयाम

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार स्वास्थ्य का अर्थ है:

  • शारीरिक स्वास्थ्य
  • मानसिक स्वास्थ्य
  • सामाजिक स्वास्थ्य

ये तीनों मिलकर पूर्ण स्वास्थ्य बनाते हैं।

2. रोग के कारण

रोग कई कारणों से हो सकते हैं:

  • जीवाणु (Bacteria)
  • विषाणु (Virus)
  • कवक (Fungi)
  • प्रोटोजोआ
  • खराब जीवनशैली

3. रोगों के प्रकार

रोग दो मुख्य प्रकार के होते हैं:

1. संक्रामक रोग

  • एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलते हैं
  • उदाहरण: डेंगू, फ्लू, टाइफाइड

2. असंक्रामक रोग

  • संक्रमण से नहीं फैलते
  • उदाहरण: मधुमेह, कैंसर, दमा

किन बिंदुओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए? (Important Points for Exams)

यह अध्याय परीक्षा के दृष्टिकोण से बहुत महत्वपूर्ण है।

मुख्य बिंदु

  • स्वास्थ्य की परिभाषा
  • स्वास्थ्य के तीन आयाम
  • संक्रामक और असंक्रामक रोगों का अंतर
  • रोग फैलने के तरीके
  • स्वच्छता का महत्व
  • टीकाकरण की भूमिका

महत्वपूर्ण उदाहरण

  • मलेरिया – मच्छरों द्वारा फैलता है
  • कॉलरा – दूषित जल से फैलता है
  • खसरा – वायरस द्वारा

याद रखने योग्य तथ्य

  • टीके रोगों की रोकथाम के लिए होते हैं।
  • स्वच्छता और संतुलित आहार स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं।

अध्याय का सार और परीक्षा तैयारी रणनीति (Chapter Summary & Exam Preparation)

इस अध्याय का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यह समझाना है कि स्वास्थ्य जीवन की सबसे मूल्यवान संपत्ति है।

मुख्य निष्कर्ष

  • स्वास्थ्य केवल बीमारी का अभाव नहीं है।
  • संतुलित भोजन, व्यायाम और स्वच्छता स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं।
  • रोगों की रोकथाम उपचार से बेहतर होती है।
  • टीकाकरण और प्रतिरक्षा प्रणाली शरीर को रोगों से बचाती है।

परीक्षा की तैयारी के लिए सुझाव

  • तालिकाएँ और चित्र अच्छी तरह पढ़ें।
  • रोगों के उदाहरण याद रखें।
  • “संक्रामक और असंक्रामक रोग” का अंतर अवश्य पढ़ें।
  • अध्याय के अंत के प्रश्नों का अभ्यास करें।

कक्षा 8 विज्ञान जिज्ञासा अध्याय 3 – FAQs

कक्षा 8 विज्ञान के अध्याय “स्वास्थ्य: एक अमूल्य निधि” का मुख्य उद्देश्य क्या है?

इस अध्याय का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य का वास्तविक अर्थ समझाना है। इसमें बताया गया है कि स्वास्थ्य केवल रोग का अभाव नहीं है, बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक संतुलन की स्थिति है।

विज्ञान जिज्ञासा कक्षा 8 के इस अध्याय को शिक्षक विद्यार्थियों को कैसे समझा सकते हैं?

शिक्षक गतिविधियों, उदाहरणों और चर्चा के माध्यम से स्वस्थ आदतों, स्वच्छता और रोगों के फैलने के तरीकों को समझाकर विषय को रोचक और व्यावहारिक बना सकते हैं।

जिज्ञासा विज्ञान कक्षा 8 अध्याय 3 पढ़ाते समय किन अवधारणाओं पर ध्यान देना चाहिए?
  • स्वास्थ्य के तीन आयाम
  • स्वस्थ जीवनशैली
  • संक्रामक और असंक्रामक रोग
  • टीकाकरण और रोगों की रोकथाम
कक्षा 8 के विज्ञान जिज्ञासा पाठ “स्वास्थ्य – एक अमूल्य निधि” के अनुसार बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए क्या करना चाहिए?

माता-पिता बच्चों को संतुलित भोजन, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और व्यक्तिगत स्वच्छता की आदतें सिखाकर उनके स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं।

जिज्ञासा विज्ञान कक्षा 8 में बढ़ते स्क्रीन टाइम के बारे में क्या बताया गया है?

अधिक स्क्रीन टाइम बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है, इसलिए डिजिटल उपकरणों का सीमित उपयोग करना आवश्यक है।

विज्ञान जिज्ञासा कक्षा 8 अध्याय 3 में टीकाकरण का महत्व क्यों बताया गया है?

इस अध्याय में बताया गया है कि टीकाकरण शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाता है और कई संक्रामक रोगों से सुरक्षा प्रदान करता है।

जिज्ञासा कक्षा 8 विज्ञान अध्याय 3 के अनुसार स्वास्थ्य का क्या अर्थ है?

स्वास्थ्य का अर्थ केवल बीमारी का न होना नहीं है, बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से स्वस्थ होना है।

कक्षा 8 जिज्ञासा विज्ञान के इस अध्याय में संक्रामक और असंक्रामक रोगों में क्या अंतर बताया गया है?

संक्रामक रोग एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलते हैं, जबकि असंक्रामक रोग जीवनशैली, पोषण या पर्यावरण से जुड़े होते हैं और फैलते नहीं हैं।

कक्षा 8 विज्ञान जिज्ञासा के इस पाठ के अनुसार स्वस्थ रहने के लिए क्या करना चाहिए?

संतुलित आहार लेना, नियमित व्यायाम करना, स्वच्छता बनाए रखना, पर्याप्त नींद लेना और सकारात्मक जीवनशैली अपनाना आवश्यक है।